हिंदू धर्म में सावन के महीने को धार्मिक आस्था का प्रतीक माना जाता है। इस महीने सभी भक्त भगवान शिव और माता लक्ष्मी की आराधना करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी पवित्र महीने भगवान शिव पृथ्वी लोक में निवास करते हैं और अपने भक्तों की हर मनोकामना पूरी करते हैं। इसी वजह से कई भक्त सावन के महीने में हर दिन शिवलिंग पर जल अर्पित करते हैं, साथ ही हर सोमवार को व्रत भी रखते हैं। कई भक्त इस महीने रुद्राभिषेक भी कराते हैं, जिससे प्रसन्न होकर भगवान शिव उनकी सभी इच्छाएं पूरी करते हैं।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस महीने भक्तों को तामसिक भोजन जैसे प्याज, लहसुन, मांस और मदिरा का परहेज करना चाहिए। साथ ही लोगों को कोशिश करनी चाहिए कि वे सावन के महीने में हर सोमवार को व्रत रखें। अब सवाल उठता है कि सावन महीने की शुरुआत कब से हो रही है? साथ ही यह भी कि इस महीने लोगों को किन नियमों का पालन करना चाहिए।
यह भी पढ़ें: देवशयनी एकादशी के दिन पढ़िए यह कथा, तभी बरसेगी भगवान विष्णु की कृपा
सावन महीने की शुरुआत
हिंदू पंचांग के मुताबिक, 29 जुलाई 2026 से सावन महीने की शुरुआत हो रही है। इस महीने का समापन 28 अगस्त 2026 को होगा। इस दौरान चार सोमवार आएंगे, जब भक्त व्रत रखेंगे। हालांकि, कई भक्त पूरे महीने फलाहार व्रत भी रखते हैं। इसी महीने कई भक्त गंगाजल या पवित्र नदियों का जल लाकर अपने क्षेत्र के शिव मंदिर में अर्पित करते हैं, जिससे उन्हें सुख, समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति का आशीर्वाद मिलता है। सावन महीने के चार सोमवार की तारिख ये है।
3 अगस्त 2026 - पहला सोमवार
10 अगस्त 2026 - दूसरा सोमवार
17 अगस्त 2026 - तीसरा सोमवार
24 अगस्त 2026 - चौथा सोमवार
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भक्तों को इन चारों सोमवार का व्रत रखना चाहिए, ताकि उन्हें भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त हो। अब सवाल उठता है कि व्रत रखते समय भक्तों को किन नियमों का ध्यान रखना चाहिए।
यह भी पढ़ें: ग्रह, नक्षत्र, तारे, क्या कर रहे हैं इशारे? पढ़ें 26 जुलाई का राशिफल
व्रत रखते समय क्या करें?
1.सावन के महीने में जो भक्त व्रत रखें, वे सुबह उठकर स्नान करें। पूजा करते समय भगवान शिव की प्रतिमा के सामने व्रत का संकल्प लें। पूजा के दौरान घी का दीपक जलाएं, बेलपत्र, भांग और धतूरा अर्पित करें।
2.भक्तों को अपने संकल्प के अनुसार व्रत का प्रकार बताना चाहिए। यदि आप निर्जला व्रत रखने वाले हैं, तो निर्जला व्रत का संकल्प लें।
3.सावन के महीने में प्रतिदिन शिवलिंग पर जल अर्पित करें।
4.इस महीने हर दिन 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का जाप करें।
5.गरीब और जरूरतमंद लोगों को अन्न का दान दें।
नोट: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। हम इसकी पुष्टि नहीं करते हैं।
