हमें देखने को मिलता है कि कुछ लोग हमेशा गुस्से में रहते हैं, जबकि कई लोग हमेशा खुशमिजाज रहते हैं। वे लोग दुख की घड़ी में भी मुस्कुराने की एक वजह ढूंढ़ ही लेते हैं। साथ ही आपने कुछ ऐसे लोगों को भी देखा होगा जो हमेशा दुखी रहते हैं और छोटी-छोटी बातों पर टेंशन ले लेते हैं। ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक लोगों का स्वभाव राशि के हिसाब से तय होता है। राशि के गुण और अवगुण से व्यक्ति का मूल स्वभाव बनता है, यानी राशि के हिसाब से ही व्यक्ति की पर्सनैलिटी तय होती है।
ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक, व्यक्ति की कुंडली में मौजूद राशि उसके विचारों और स्वभाव को कुछ हद तक प्रभावित करती है। ज्योतिष शास्त्र में बारह राशियों को चार तत्वों में बांटा गया है, जिन्हें अग्नि, जल, पृथ्वी और वायु तत्व कहा जाता है। इन्हीं तत्वों के आधार पर व्यक्ति का मूल स्वभाव तय होता है। ज्योतिष जानकारों के मुताबिक, मेष, सिंह और धनु राशि अग्नि तत्व की राशियां हैं। पृथ्वी तत्व में वृषभ, कन्या और मकर राशि आती हैं। वायु तत्व में मिथुन, तुला और कुंभ राशि आती हैं, जबकि जल तत्व में कर्क, वृश्चिक और मीन राशि शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: जुलाई महीने में कब है गुप्त नवरात्रि? पर्व का महत्व और पूजा की विधि जानें
राशि के आधार पर कैसा होता है स्वभाव
अग्नि तत्व की राशियां
मेष राशि-इन लोगों का मन एक जगह नहीं टिकता है। ये लोग साहसी, ऊर्जावान और लीडरशिप क्वालिटी से भरपूर रहते हैं। इन लोगों को गुस्सा जल्दी आता है, जो ज्यादा देर तक टिकता नहीं है।
सिंह राशि-ये लोग जितना दूसरों का सम्मान करते हैं, उतना ही खुद भी सम्मान की चाह रखते हैं। इनका स्वभाव नेता जैसा होता है। इन्हें वाद-विवाद में आसानी से हराया नहीं जा सकता। ये अपनी आलोचना सह नहीं पाते हैं।
धनु राशि- ज्ञान और सत्य की खोज में लगे रहते हैं। इन्हें अपनी स्वतंत्रता बेहद पसंद होती है। कई जगह घूमने और नए अनुभव लेने के शौकीन होते हैं। कभी-कभी बिना सोचे-समझे बोल देना इनकी कमजोरी होती है।
पृथ्वी तत्व की राशियां
वृषभ राशि- स्थिरता, संयम और भौतिक सुख-सुविधाओं को महत्व देते हैं। इनका स्वभाव थोड़ा जिद्दी होता है। इन्हें जीवन में बदलाव ज्यादा पसंद नहीं आता। ये लोग दूसरों की सुंदरता से आसानी से प्रभावित हो जाते हैं।
कन्या राशि- इनका मन एकाग्र रहता है। कोई भी काम करते समय बारीकियों पर ध्यान देते हैं और हर काम सही तरीके से करने की कोशिश करते हैं। हालांकि किसी भी बात की टेंशन लेना इनकी आदत होती है।
मकर राशि-जिस काम में मन लग जाता है, उसे पूरा करके ही मानते हैं। ये लोग दूसरों को अपने मन की बात जल्दी नहीं बताते हैं। परिवार की जिम्मेदारी लेने से पीछे नहीं हटते हैं।
यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल: ग्रह-नक्षत्रों की बदलती चाल से यह हफ्ता आपके लिए कैसा रहेगा?
वायु तत्व की राशियां
मिथुन राशि-ये लोग बातचीत के बेहद शौकीन होते हैं। किसी को अपनी बातों में फंसाकर दोस्त बना सकते हैं। कोई भी फैसला लेते समय असमंजस में पड़ सकते हैं। एक साथ कई काम करने की क्षमता रखते हैं।
तुला राशि-इनका स्वभाव कूटनीतिक होता है, जिससे ये जल्द ही दूसरों के साथ तालमेल बिठा लेते हैं। अपने करीबी रिश्तों को धोखा नहीं देते, यानी रिश्ते निभाना अच्छी तरह जानते हैं।
कुंभ राशि-ये नई सोच और विचारों के समर्थक होते हैं, जिन्हें लोगों में समानता बेहद पसंद होती है। इस राशि के लोग समाज सुधार की चाह रखते हैं। भावनात्मक रूप से थोड़े दूर रहने वाले होते हैं और परंपरा से हटकर सोचने की क्षमता रखते हैं।
जल तत्व की राशियां
कर्क राशि-इस राशि के लोग भावुक होते हैं, जो परिवार और प्रेम को सबसे ऊपर रखते हैं। इन्हें भोग-विलास की अपेक्षा परिवार के साथ बिताए गए पल ज्यादा अच्छे लगते हैं।
वृश्चिक राशि-इनका स्वभाव रहस्यमयी होता है। ये अपने दुश्मनों से बदला जरूर लेते हैं। अपने दोस्तों के राज दूसरों के सामने उजागर नहीं करते हैं।
मीन राशि-इस राशि के लोगों में आध्यात्मिक झुकाव रहता है। इनका मन शांत रहता है, जो इनकी सबसे बड़ी खूबी है। दूसरों की मदद करना इस राशि के लोगों को बेहद पसंद होता है।
नोट: यह लेख ज्योतिषीय मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। इसकी पुष्टि हम नहीं करते हैं।
