घमंड एक ऐसी भावना है, जब व्यक्ति को अपनी किसी चीज पर अभिमान यानी अहंकार हो जाता है। ऐसी स्थिति में व्यक्ति खुद को दूसरों से बेहतर और ऊंचा समझने लगता है। ईसाई धर्म के पवित्र ग्रंथ बाइबल और इस्लाम के कुरान में घमंड को दोष माना गया है। जहां एक तरफ इस्लाम में माना जाता है कि अल्लाह घमंड करने वाले लोगों को पसंद नहीं करते हैं। साथ ही यह भी माना जाता है कि जिन्होंने अपने जीवनकाल में घमंड किया, उन्हें मृत्यु के बाद जन्नत नहीं मिलती। वहीं दूसरी तरफ ईसाई धर्म में व्यक्ति को अपनी किसी भी चीज पर घमंड न करने की सलाह दी गई है। बाइबल के अनुसार, घमंड सिर्फ एक दोष नहीं, बल्कि अन्य दोषों की जड़ है।

 

मुस्लिम धर्म के सबसे पवित्र धर्मग्रंथ कुरान में एक कहानी का जिक्र किया गया है। कुरान की सूरा अल-बकरा में बताया गया है कि घमंड की वजह से इबादतगुजार इब्लीस ने अल्लाह के आदेश का पालन नहीं किया और शैतान बन गया। इसके अलावा बाइबल में लूसिफर के पतन की कहानी हमें समझाती है कि कैसे उसे अपनी सुंदरता और बुद्धि पर घमंड हो गया था, जिस वजह से उसे स्वर्ग छोड़ना पड़ा। अब सवाल उठता है कि बाइबल और कुरान में घमंड को लेकर क्या कहा गया है।

 

यह भी पढ़ें: जुलाई महीने में कब है गुप्त नवरात्रि? पर्व का महत्व और पूजा की विधि जानें

 घमंड को लेकर कुरान?

कुरान की सूरा अन-नहल में लिखा है कि अल्लाह घमंड करने वालों को पसंद नहीं करते। जो लोग अपनी सोच-समझ पर घमंड करते हैं और खुद को दूसरों से बेहतर समझते हैं, ऐसे लोगों को कुरान में मुतकब्बिरीन कहा गया है। कुरान में साफ तौर पर बताया गया है कि घमंडी स्वभाव को देखकर अल्लाह नाराज होते हैं।

 

कुरान की सूरा अल-आराफ में बताया गया है कि घमंड की वजह से व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित हो जाती है। ऐसी स्थिति में व्यक्ति सही और गलत के बीच अंतर नहीं कर पाता क्योंकि उसके ऊपर घमंड का पर्दा पड़ जाता है।

घमंड से बचने के उपाय

कुरान के मुताबिक, व्यक्ति को यह सोचना चाहिए कि जिन चीजों पर उसे घमंड है, वे सभी अस्थायी हैं। एक दिन हर व्यक्ति को अल्लाह के सामने जवाब देना है। इसलिए अपनी किसी भी चीज पर घमंड करने का कोई आधार नहीं है। हदीस में घमंड को दिल की एक बीमारी बताया गया है, जिसका इलाज बार-बार अल्लाह से माफी मांगना, दुआ करना और विनम्रता अपनाना है।

 

यह भी पढ़ें: 13 जुलाई का राशिफल, वृषभ को मिलेगी नौकरी में प्रमोशन, कर्क पर रहेगा काम का दबाव?

क्या है बाइबल की सीख?

बाइबल के नीतिवचन में बताया गया है कि घमंड और बुद्धि एक साथ नहीं रहते। यानी जिस व्यक्ति को अपनी बुद्धि पर घमंड हो जाता है, उसकी बुद्धि नष्ट होने लगती है। नीतिवचन में बताया गया है कि विनाश से पहले गर्व और ठोकर खाने से पहले घमंड आता है।'विनाश से पहले गर्व, और ठोकर खाने से पहले घमंड होता है।'नीतिवचन यह भी बताता है कि घमंड केवल एक बुराई नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के पतन का संकेत भी देता है।

बचने के उपाय

ईसाई धर्म में साफ तौर पर बताया गया है कि व्यक्ति को घमंड से बचने के लिए ईश्वर के सामने आत्मसमर्पण करना चाहिए। साथ ही जीवन में सेवा, विनम्रता और नरम स्वभाव अपनाना चाहिए।