भारतीय शतरंज के लिए यह सुनहरा साल गुजर रहा है। चेस ओलंपियाड में भारतीय खिलाड़ियों का स्वर्णिम प्रदर्शन रहा। महिला और पुरुष टीमों ने एक साथ गोल्ड जीतकर इतिहास रचा। उधर सिंगापुर में 25 नवंबर से शुरू हुए वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप फाइनल में भारत के डी गुकेश डिफेंडिंग चैंपियन डिंग लिरेन को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इस बीच 1 दिसंबर को इंडियन चेस के इतिहास में नया अध्याय जुड़ा। 21 साल के अर्जुन एरिगैसी ने क्लासिक चेस में 2800 Elo रेटिंग के बैरियर को तोड़ दिया है। रविवार को रिलीज हुई फिडे रेटिंग में इसका ऑफिशियल ऐलान हुआ। 

 

अर्जुन 2800 Elo रेटिंग हासिल करने वाले दुनिया के 16वें खिलाड़ी बने हैं। वहीं 5 बार के वर्ल्ड चैंपियन विश्वनाथन आनंद के बाद ऐसा कारनामा करने वाले दूसरे भारतीय हैं। अर्जुन ने यूरोपियन चेस क्लब कप 2024 में रूस के दिमित्री आंद्रेइकिन को हराकर यह उपलब्धि हासिल की थी।

 

 

चेस में 2800 ईएलओ रेटिंग के जादुई आंकड़े को छूना प्रतिष्ठित उपलब्धि है। इसे दुनिया के गिने-चुने खिलाड़ी ही हासिल कर पाते हैं। दिसंबर 2024 की फिडे रेटिंग लिस्ट में अर्जुन की रेटिंग 2801 है और वह वर्ल्ड रैकिंग में नंबर 4 पर हैं।

 

FIDE रेटिंग लिस्ट

  1. मैग्नस कार्लसन - 2831
  2. फैबियानो कैरुआना - 2805
  3. हिकारू नाकामुरा - 2802
  4. अर्जुन एरिगैसी - 2801
  5. डी गुकेश - 2783

चेस ओलंपियाड में जीते दो गोल्ड

 

तेलंगाना के वारंगल के रहने वाले अर्जुन एरिगैसी ने मनोरंजन के लिए इस खेल को चुना था। उनकी 11 साल की उम्र में चेस की ट्रेनिंग शुरू हुई थी। वह 15 साल के होने से पहले ही ग्रैंडमास्टर भी बन गए। अर्जुन पिछले कुछ महीनों से जबरदस्त लय में हैं। उन्होंने बुडापेस्ट में हुए चेस ओलंपियाड 2024 में सोने का तमगा हासिल किया। साथ ही अर्जुन ने लगातार छह मैच जीतकर भारतीय टीम को गोल्ड जिताने में अहम भूमिका निभाई।