टीम इंडिया ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को धूल चटा दी है। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया है। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने 211 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर पाकिस्तान को 192 पर रही रोक दिया। भारतीय टीम लगातार दूसरे एशियन गेम्स में गोल्ड जीती है। इससे पहले ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम ने हांगझोऊ में गोल्ड झटका था।

 

भारत की जीत के हीरो अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और शिवम दुबे रहे। अभिषेक ने  28 गेंद में 3 चौके और 7 छक्के उड़ाते हुए 61 रन ठोके। तिलक वर्मा ने आखिरी ओवरों में आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंद में 51 रन जड़े, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। शिवम दुबे ने 15 गेंद में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 27 रन बनाने के बाद सईम अयूब का महत्वपूर्ण विकेट चटकाया।

 

यह भी पढ़ें: Asian Games: तीरंदाजी में आया एक और मेडल, नीरज चौहान ने जीता ब्रॉन्ज

अकले पड़े हसन नवाज

बड़े टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने 39 रन पर उसके 3 विकेट उखाड़ दिए। पाक कप्तान साहिबजादा फरहान 11 गेंद खेलकर 10 रन ही बना सके। माज सदाकत ने 18 गेंद में 23 रन बनाए, जबकि उस्मान खान ने 6 गेंद में 3 रन बनाए। भारतीय टीम बड़ी जीत की तरफ बढ़ती दिख रही थी लेकिन हसन नवाज और सईम अयूब ने शतकीय साझेदारी कर बाजी पलट दी। दोनों ने 8 ओवर में 87 रन की साझेदारी की। शिवम दुबे ने सईम अयूब (23) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।

 

हसन नवाज एक छोर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते रहे लेकिन उन्हें दूसरे छोर से साथ नहीं मिला। दाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने आखिरी गेंद पर आउट होने से पहले 51 गेंद में 96 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। पाकिस्तान को आखिरी ओवर में 33 रन की जरूरत थी। शिवम दुबे ने इस ओवर में की पहली 3 गेंद पर 5 रन ही दिए और टीम इंडिया की जीत पर मुहर लगा दी।

 

शिवम दुबे ने 3 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट लिए। अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने अपने कोटे के 4 ओवर में 29-29 रन खर्चे और एक समान 2-2 विकेट चटकाए। जसप्रीत बुमराह खाली हाथ रहे। उन्होंने 4 ओवर में 33 रन दिए। रवि बिश्नोई ने 3 ओवर में 44 रन लुटाए।

 

यह भी पढ़ें: Asian Games: अमन सहरावत और अंतिम पंघाल फाइनल में पहुंचे, गोल्ड अब दूर नहीं

अभिषेक-तिलक ने की आतिशबाजी

इससे पहले अभिषेक और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ने आतिशी शुरुआत की। दोनों ने पहले 2 ओवर में ही 28 रन बना डाले। हालांकि तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर वैभव (9 गेंद में 15 रन) रिवर्स हिट मारने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। सईम अयूब ने उनका विकेट चटकाने के बाद विवादित जश्न भी मनाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वैभव के बाद संजू सैमसन (4 गेंद में 2 रन) भी पावरप्ले के अंदर चलते बने। 

 

अभिषेक ने एक छोर से मोर्चा संभाले रखा और 20 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। भारत ने पावरप्ले में 2 विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाए। अभिषेक आठवें ओवर में आउट हुए। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (24 गेंद में 21 रन) की धीमी बल्लेबाजी से रन गति पर असर पड़ा लेकिन आखिरी ओवरों में तिलक वर्मा और शिवम दुबे की आतिशी बल्लेबाजी ने इसकी भरपाई कर दी। आखिर में यही रन बेशकीमती साबित हुए।