एशियन गेम्स में शुक्रवार को एक मजेदार वाकया हुआ, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए। जिन देशों के बीच यह गफलत हुई, उन्हें गुस्सा भी आया। दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश के बीच हॉकी मैच से पहले आयोजकों ने गलती से उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान बजा दिया। जापान के नागोया में एशियन गेम्स का आयोजन हो रहा है। काकामिगाहारा के गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में ऐसा बवाल मचा कि हर कोई हैरान रह गया।
मैदान में खड़े दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी उस समय असमंजस में पड़ गए जब स्टेडियम में उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान बजने लगा। कुछ खिलाड़ी सावधान की मुद्रा में खड़े रहे तो कुछ इधर-उधर देखने लगे। कुछ शांत भाव से खड़े रहे। स्टेडियम की घोषणा में इसे दक्षिण कोरिया गणराज्य का राष्ट्रगान बताया गया था, लेकिन बाद में आयोजकों को अपनी गलती का एहसास हुआ।
यह भी पढ़ें: शूटिंग रेंज के पास होटल नहीं... एशियन गेम्स में अब निशानेबाजी टीम ने उठाए सवाल
आयोजकों ने मांगी माफी, बाद में बजाया सही राष्ट्रगान
गलती पकड़ में आने के बाद आयोजन समिति ने पहले बांग्लादेश का राष्ट्रगान बजाया, और उसके बाद दक्षिण कोरिया का सही राष्ट्रगान चलाया। हालांकि मैच पहले से ही तय समय से पीछे चल रहा था, इसलिए रेफरी ने दोनों टीमों को राष्ट्रगान पूरा होने से पहले ही एक-दूसरे का अभिवादन करने और मैच शुरू करने का निर्देश दे दिया।
इस अजीब घटना का असर मैदान पर दक्षिण कोरिया के खेल पर नहीं पड़ा। टीम ने अपने पहले 'पूल A' मुकाबले में बांग्लादेश को 5-0 से हराया, जिसमें 5 अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए। दक्षिण कोरिया की समाचार एजेंसी योनहाप ने इस घटना को एक अजीब चूक बताया।
यह भी पढ़ें: न रूम मिल रहे न खाना, 14 घंटे इंतजार... एशियन गेम्स में बदतइंतजामी की हदें पार
दक्षिण कोरियाई कोच बोले- यह गंभीर लापरवाही है
दक्षिण कोरिया के कोच मिन ते-सोक ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो आयोजकों ने माफी मांगते हुए कहा कि यह तैयारी की कमी नहीं बल्कि जिम्मेदार व्यक्ति से हुई एक गलती थी। कोच ने कहा कि ऐसी गलती कभी नहीं होनी चाहिए थी। दक्षिण कोरिया की ओलंपिक समिति के एक अधिकारी ने कहा कि वे इस पूरे मामले की सही जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।
कट्टर दुश्मन रहे हैं उत्तर और दक्षिण कोरिया
दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया कोरियाई युद्ध के बाद से विभाजित हैं। दोनों देशों के बीच संबंध अब भी बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में दोनों देश अलग-अलग झंडे और राष्ट्रगान के साथ हिस्सा लेते हैं। एशियन गेम्स की शुरुआत से पहले ही टीमों की ओर से ठहरने की व्यवस्था और हवाई अड्डे पर देरी को लेकर शिकायतें आ रही थीं। अब इस राष्ट्रगान विवाद ने आयोजन की तैयारियों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
