भारतीय कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर के कार्यकाल की शुरुआत बेहद खराब रही है। श्रेयस की कप्तानी में टीम इंडिया को आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टी20 सीरीज में 0-2 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड के हाथों 5 मैचों की टी20 सीरीज हार गई है। भारत-इंग्लैंड के बीच आज (11 जुलाई) सीरीज का आखिरी मुकाबला साउथैम्पटन में खेला जाना है। अगर इस मुकाबले में भी टीम इंडिया को हार मिलती है, तो श्रेयस के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ जाएगा।
श्रेयस की कप्तानी फॉर्म कहां गई?
श्रेयस ने 2024 और 2025 में बतौर कप्तान जीत की झड़ी लगा दी थी। उन्होंने पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को IPL चैंपियन बनाया और फिर मुंबई को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जीत दिलाई। IPL 2025 में भी उन्होंने पंजाब किंग्स (PBKS) को फाइनल तक पहुंचाया। वह तीन अलग-अलग टीमों को IPL फाइनल तक ले जाने वाले इकलौते कप्तान हैं। उन्होंने KKR और PBKS से पहले दिल्ली कैपिटल्स को खिताबी मुकाबले का सफर तय कराया था।
इस IPL सीजन की शुरुआत में श्रेयस की कप्तानी वाली PBKS ने पहले 7 में से 6 मैच जीत लिए थे। एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा था। लग रहा था कि PBKS आसानी से टेबल टॉप करेगी लेकिन इसके बाद वह लगातार 6 मैच हार गई और उसके प्लेऑफ में पहुंचने के भी लाले पड़ गए। PBKS ने आखिरी लीग स्टेज मुकाबले में जीत हासिल कर खुद को प्लेऑफ की रेस में बनाए रखा। हालांकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की जीत ने उसे बाहर कर दिया।
यह भी पढ़ें: तीरंदाजी वर्ल्ड कप: फाइनल में हारी भारतीय महिला कंपाउंड टीम, सिल्वर मिला
रिजवान के बाद श्रेयस का सबसे खराब रिकॉर्ड
श्रेयस की कप्तानी में PBKS ने IPL 2026 में अपने आखिरी 7 में से 1 ही मैच जीते। टीम इंडिया के कप्तान बनने के बाद श्रेयस 6 मैचों में एक भी जीत हासिल नहीं कर सके हैं। इस तरह वह बतौर कप्तान पिछले 13 टी20 मुकाबलों में सिर्फ 1 ही जीत हासिल कर पाए हैं। पिछले दो सालों में टॉप-8 टी20 इंटरनेशनल देशों और उसकी फ्रेंचाइजी लीग में सिर्फ मोहम्मद रिजवान ही ऐसे कप्तान हैं, जो लगातार 13 मैचों में श्रेयस से कम मैच जीत पाए हैं। रिजवान 2025 और 2026 में लगातार 14 मुकाबले हार चुके हैं।
श्रेयस के नाम जुड़ेगा शर्मनाक रिकॉर्ड?
इंग्लैंड के खिलाफ पांचवां टी20 मुकाबला हारते ही श्रेयस के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ जाएगा। वह किसी बाइलेटरल टी20 सीरीज में 4 मैच हारने वाले पहले भारतीय कप्तान बनेंगे। साथ ही टीम इंडिया ICC टी20 रैंकिंग में नंबर-1 का ताज गंवा सकती है। इंग्लैंड ने पिछले 22 में से 19 टी20 मुकाबले जीतकर वर्ल्ड नंबर-1 की मजबूत दावेदारी पेश की है। अगर वह साउथैम्पटन में भी जीत जाता है तो भारत को पछाड़कर टी20 रैंकिंग में टॉप पर पहुंच जाएगा।
यह भी पढ़ें: भारीतय ग्रैंडमास्टर पी इनियन ने जीता ला प्लाग्ने ओपन इंटरनेशनल चेस टूर्नामेंट
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
भारत - वैभव सूर्यवंशी , अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा , शिवम दुबे/सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा
इंग्लैंड - फिल सॉल्ट, जोस बटलर, हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, रेहान अहमद, आदिल रशीद, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग
