जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में हो रहा अंडर-19 वर्ल्ड कप अपने आखिरी पड़ाव की ओर बढ़ रहा है। ग्रुप स्टेज के बाद अब सुपर-6 का भी आधा सफर पूरा हो चुका है। नॉकआउट से पहले अब 5 मैच ही रह गए हैं। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने सुपर-6 स्टेज के ग्रुप-1 में अपने दोनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। इस ग्रुप से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनने की रेस में श्रीलंका और अफगानिस्तान आगे हैं।
सुपर-6 के ग्रुप-2 की बात करें तो भारत और इंग्लैंड मजबूत स्थिति में हैं। वहीं पाकिस्तान भी रेस में बना हुआ है। इंग्लैंड का अगला मैच 30 जनवरी से न्यूजीलैंड से है, जबकि भारत और पाकिस्तान की टक्कर 2 फरवरी को होनी है। यह सुपर-6 स्टेज का आखिरी मैच होगा। भारत ने सुपर-6 के अपने पहले मैच में जिम्बाब्वे को शिकस्त दी थी। दूसरी तरफ पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराया था।
यह भी पढ़ें: अंडर 19 वर्ल्ड कप में शतक लगाकर मचाई खलबली, कौन हैं विहान मल्होत्रा?
भारत-इंग्लैंड का मैच क्यों नहीं?
टीम इंडिया शुरुआती स्टेज में ग्रुप-B में थी। उसने ग्रुप टॉपर रहते हुए सुपर-6 में कदम रखा। इस ग्रुप से न्यूजीलैंड और बांग्लादेश दो अन्य टीमें रहीं, जिन्होंने सुपर-6 के लिए क्वालिफाई किया। वहीं इंग्लैंड, पाकिस्तान और जिम्बाब्वे ने ग्रुप-C से अगले राउंड में में जगह बनाई। सुपर-6 में ये सभी टीमें एक ही ग्रुप में हैं।
भारत ने अपने ग्रुप में टॉप किया था, वहीं इंग्लैंड ने अपने ग्रुप में, जिसके चलते ये दोनों टीमें सुपर-6 में आमने-सामने नहीं होंगी। टीम इंडिया ने B1 के रूप में सुपर-6 स्टेज के लिए क्वालिफाई किया था। टूर्नामेंट के नियमों का अनुसार, उसे सुपर-6 में C2 और C3 से भिड़ना था। C2 पाकिस्तान है, जबकि C3 जिम्बाब्वे की टीम है। भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे से अपना सुपर-6 मुकाबला खेल लिया है। अब उसका पाकिस्तान से मैच बचा है।
यह भी पढ़ें: WPL में वेन्यू बदलने से रूठी RCB की किस्मत, लगातार दूसरी हार की वजह क्या है?

पाकिस्तान से बदला लेगी टीम इंडिया?
भारतीय टीम ने अंडर-19 एशिया कप के ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान को 90 रन से रौंद दिया था। वह खिताब की प्रबल दावेदार थी लेकिन फाइनल में उसे पाकिस्तान ने 191 रन से हराकर चौंका दिया। ओपनर समीर मिन्हास ने 113 गेंद में 172 रन की मैराथन पारी खेलकर पाकिस्तान को 347/8 के स्कोर तक पहुंचा दिया। इसके जवाब में वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे जैसे सितारों से सजी भारतीय टीम 156 पर ही सिमट गई।
टीम इंडिया के जहन में वह हार जरूर होगी। आयुष म्हात्रे ब्रिगेड 2 फरवरी को बदला चुकता करना चाहेगी। अगर भारतीय टीम जीत दर्ज करती है तो पाकिस्तान की टीम का अंडर-19 वर्ल्ड कप से बोरिया बिस्तर बंध जाएगा।
