वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए बुधवार (16 सितंबर) को भारतीय टीम का ऐलान किया गया। अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली सेलेक्शन कमिटी ने रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर बल्लेबाजों पर भरोसा बरकरार रखा है। अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की लंबे समय बाद वनडे टीम में वापसी हुई है। भारत-वेस्टइंडीज के बीच यह सीरीज एशियन गेम्स के साथ-साथ चलेगी। इसलिए टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन की जगह ऋतुराज गायकवाड़ और ध्रुव जुरेल को मौका मिला है।
भारत- विंडीज सीरीज 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगी। मुकाबले तिरुवनंतपुरम, गुवाहाटी और न्यू चंडीगढ़ में खेले जाएंगे। श्रेयस और ईशान एशियाड में एक्शन में दिखेंगे। ऐसे में वनडे टीम में उनकी जगह को भरने के लिए ऋतुराज और जुरेल को शामिल किया गया है। टीम में आकिब नबी और नमन धीर नए चेहरे हैं। दोनों को पहली बार वनडे टीम में जगह मिली है। आइए जानते हैं आकिब और नमन धीर की एंट्री कैसे हुई है।
यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा ने 30 गेंद में ठोका शतक, रोहित शर्मा का रिकॉर्ड ध्वस्त
मिडिल ऑर्डर के रिजर्व बल्लेबाज होंगे नमन धीर
दाएं हाथ के बल्लेबाज नमन धीर ने हाल ही में शेर-ए-पंजाब लीग में गदर मचाया था। उन्होंने 10 मैचों में 217.61 के हैरतअंगेज स्ट्राइक रेट से 655 रन ठोक अमृतसर सूरमाज को चैंपियन बनाया था। पंजाब की इस लीग में वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उनका बेस्ट स्कोर 173 था।
26 साल के नमन धीर भारतीय वनडे टीम में मिडिल ऑर्डर के रिजर्व बल्लेबाज के तौर पर चुने गए हैं। श्रेयस की गैरमौजूदगी में ऋतुराज नंबर-4 पर खेलते दिखेंगे। देखना अहम होगा कि नमन धीर को इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिलता है या नहीं। वह ऑफ स्पिन गेंदबाजी से भी कुछ ओवर दे सकते हैं। लिस्ट-ए में उनके नाम 7 विकेट दर्ज है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम में भी मौका मिला है।
यह भी पढ़ें: 'प्यार है लेकिन...' क्रिकेटर पृथ्वी शॉ की सगाई टूटी, मंगेतर आकृति ने किया एलान
आकिब नबी को कैसे मौका मिल गया?
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला। अब उन्हें वनडे टीम में जगह दी गई है। जसप्रीत बुमराह एशियन गेम्स में व्यस्त रहेंगे। ऐसे में तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट को मजबूती देने के लिए आकिब नबी को बुलाया गया है। मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गूरनूर बराड़ वनडे स्क्वॉड में शामिल अन्य तेज गेंदबाज हैं।
ध्यान देने वाली बात है कि हार्दिक पंड्या चोटिल हैं। उनकी जगह भरने के लिए पेस बॉलिंग ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को एशियन गेम्स टीम से निकालकर वनडे टीम में शामिल किया गया है। हालांकि नीतीश अब तक टीम मैनेजमेंट का भरोसा नहीं जीत पाए हैं। अगर वह फेल रहते हैं तो आकिब को ऑलराउंडर के तौर पर आजमाया जा सकता है। वह लोअर ऑर्डर के उपयोगी बल्लेबाज हैं। उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में 30 पारियों में 111.71 के स्ट्राइक रेट से 572 रन बनाए हैं, जिसमें नाबाद 114 रन की पारी भी शामिल है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उप-कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, औकिब नबी, यशस्वी जयसवाल, नमन धीर
