भारतीय तीरंदाजों ने पैरा तीरंदाजी वर्ल्ड सीरीज के समापन से एक दिन पहले मंगलवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज अपने नाम किया।   पुरुषों की कंपाउंड और रिकर्व टीमों ने गोल्ड मेडल जीते, जबकि स्वाति चौधरी ने एक ही दिन में दो मेडल हासिल किए। 

 

मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन तोमन कुमार और श्याम सुंदर स्वामी की पुरुष कंपाउंड जोड़ी ने इराक को 152-139 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। वहीं दो बार के पैरालंपिक मेडल विजेता हरविंदर सिंह और विजय सुंडी की रिकर्व जोड़ी ने स्लोवाकिया को 6-2 से पराजित कर टॉप स्थान हासिल किया। महिला रिकर्व टीम में भावना और पूजा को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

 

यह भी पढ़ें: Duleep Trophy Final: 6 साल पहले के ईशान किशन में अब क्या अंतर है?

भावना और पूजा चीनी जोड़ी से हारीं

भारतीय जोड़ी को फाइनल में चीन के हाथों 0-6 (23-34, 33-35, 30-31) से हार मिली। स्वाति चौधरी और आदिल मोहम्मद नजीर अंसारी ने मिक्स्ड टीम W-1 (रिकर्व/कंपाउंड) स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता। स्वाति ने इसके बाद दोपहर के सत्र में व्यक्तिगत W-1 वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल भी अपने नाम किया। उन्होंने व्यक्तिगत तटस्थ एथलीट (AIN) के झंडे के तहत खेल रहीं रूस की एलेना क्रुतोवा को 6-2 से हराया। इस तरह स्वाति ने एक ही दिन में सिल्वर और ब्रॉन्ज, दोनों मेडल हासिल किए। 

 

स्वामी और तोमन ने पुरुष कंपाउंड टीम स्पर्धा के फाइनल में इराक के अब्बास कादिम और अनवर अलदावोद को हराकर गोल्ड मेडल जीता। भारतीय जोड़ी ने धीमी शुरुआत की लेकिन इसके बाद जल्द ही लय हासिल कर ली और फिर उसे जीत दर्ज करने में कोई परेशानी नहीं हुई। हरविंदर और सुंडी ने पहले सेट में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए स्लोवाकिया के डेविड इवान और डेनिस इवान को 6-2 (34-37, 36-31, 38-34, 35-31) से हराया।

 

यह भी पढ़ें: ईशान किशन की टीम इतिहास रचने के करीब, दलीप ट्रॉफी कब-कब जीती है ईस्ट जोन?

इस स्पर्धा में ब्रॉन्ज से चूका भारत

महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा में भारत ब्रॉन्ज मेडल से चूक गया। शीतल देवी और पायल नाग तीसरे स्थान के प्लेऑफ में चीन की वांग हुईटिंग और गाओ फांग्शिया की जोड़ी से हार गईं। चीन की तीरंदाजों ने यह मुकाबला 6-0 (34-23, 35-33, 31-30) से जीतकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। 

 

स्वाति और आदिल मोहम्मद नजीर अंसारी को मिक्स्ड टीम W-1 (रिकर्व/कंपाउंड) के फाइनल में चेक गणराज्य की शार्का पुल्तार मुसिलोवा और डेविड द्राहोनिंस्की के हाथों 1-5 (31-38, 33-37, 33-33) से हार का सामना करना पड़ा। W-1 रिकर्व/कंपाउंड वर्ग गंभीर शारीरिक अक्षमता वाले पैरा तीरंदाजों के लिए विशेष श्रेणी है। इस वर्ग में खिलाड़ी व्हीलचेयर से निशाना लगाते हैं और एक ही स्पर्धा में रिकर्व या कंपाउंड धनुष का इस्तेमाल कर सकते हैं।