टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के लिए आयरलैंड और इंग्लैंड दौरा अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। वह आयरलैंड में दो मैचों की टी20 सीरीज में सिर्फ 5 रन बना पाए थे। इंग्लैंड आने के बाद भी उनका बल्ला नहीं चला और वह पहले टी20 मैच में सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की बढ़ती मांग के बीच इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार (4 जुलाई) को दूसरे टी20 मैच में संजू पर अच्छे प्रदर्शन का दबाव रहेगा।
टीम से बाहर होंगे संजू?
भारत की टी20 वर्ल्ड कप में खिताबी जीत के हीरो संजू को कम से कम एक साल तक मौका दिया जा सकता था लेकिन वैभव के टीम में आने के बाद उनके पास गलती की कोई गुंजाइश नहीं रह गई है। उन्हें शनिवार को उपनी उपयोगिता साबित करने का आखिरी मौका मिल सकता है। अभिषेक शर्मा ने पिछले तीन मैचों में से दो में 49 और 59 रन बना लिए हैं, जिससे सारा दबाव अब संजू पर है। बारिश के कारण रद्द हुए पहले मैच में संजू ने सात गेंद का सामना किया लेकिन एक बार भी नहीं लगा कि वह आक्रामक खेलने के मूड में हैं।
सीमिंग परिस्थितियों में तकनीक के मामले में उनकी कमजोरी सामने आती है। राजस्थान के टोंक के रहने वाले आयरलैंड के गुमनाम से तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा ने उनकी कमजोरी का फायदा उठाकर उनका विकेट लिया। टीम मैनेजमेंट 15 साल के वैभव को लेकर कोई हड़बड़ी नहीं करना चाहता लेकिन अगले कुछ मैचों में उन्हें नहीं उतारा गया तो इस फैसले पर सवाल उठने तय हैं । संजू के अलावा तिलक वर्मा को भी मिडिल ऑर्डर में तेज खेलना होगा। स्पिनरों के आने के बाद वह तेजी से रन नहीं बना पाते हैं। इस साल 12 टी20 में वह सिर्फ 12 छक्के लगा सके हैं।
ओल्ड ट्रैफर्ड में होगा बदलाव?
भारत ने पहले टी20 मुकाबले में तीनों स्पिनरों को उतारा था। अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई तीनों एक साथ खेले थे। दूसरे टी20 में भी वे एक साथ उतर सकते हैं। ऐसा इसलिए, क्योंकि आमतौर पर ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच स्पिनरों की मददगार होती है। भारत और इंग्लैंड के बीच 2018 में यहां खेले गए पिछले टी20 मुकाबले में कुलदीप यादव ने 5 विकेट झटके थे।
दूसरे टी20 के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
भारत - संजू सैमसन , अभिषेक शर्मा/ वैभव सूर्यवंशी , ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा , शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती
इंग्लैंड - फिल सॉल्ट, जोस बटलर, हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डावसन, साकिब महमूद, आदिल रशीद, जोफ्रा आर्चर


