भारत और श्रीलंका के बीच खेला जा रहा गॉल टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। टीम इंडिया ने तीसरे दिन (17 अगस्त) का खेल खत्म होने तक 178 रन की बढ़त हासिल कर ली है। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 462 रन बनाने के बाद श्रीलंका की पहली पारी 284 पर समेटी। इस तरह उसने बड़ी बढ़त हासिल की।

 

टीम इंडिया के गेंदबाजों ने एक समय श्रीलंका की आधी टीम 90 रन पर ढेर कर दी थी। मानव सुथार, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव की तिकड़ी कहर बरपा रही थी। कामिंदु मेंडिस और धनंजय डी सिल्वा जैसे बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे और मेजबान टीम की पारी जल्द ही सिमटती दिख रही थी लेकिन सोनल दिनुशा और निरोशन डिकवेला ने 6 विकेट के लिए 146 रन की साझेदारी कर उसे सस्ते में ढेर होने से बचा लिया।

 

यह भी पढ़ें: चिकारा ने काटा गदर, रिंकू भी मार रहे; UP T20 लीग में स्टार प्लेयर्स का ये है हाल

दिनुशा ने जड़ा शतक

युवा ऑलराउंडर दिनुशा ने 168 गेंद में 100 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के जड़े। यह उनके टेस्ट करियर की पहली सेंचुरी रही। टेस्ट टीम में वापसी कर रहे डिकवेला ने 115 गेंद में 80 रन बनाए। वह एक बार फिर शतक पूरा नहीं कर पाए। टेस्ट क्रिकेट में वह 23 अर्धशतक जड़ चुके हैं लेकिन कभी तिहरे अंक में नहीं पहुंचे हैं।

 

दिनुशा-डिकवेला की बड़ी साझेदारी पर प्रसिद्ध कृष्णा ने ब्रेक लगाया। प्रसिद्ध ने डिकवेला को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद डेब्यूटंट केशरा नुवांथा को जडेजा ने पवेलियन भेजा। दिनुशा ने यहां से प्रभात जयूसर्या के साथ मिलकर 8वें विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी की और इस दौरान  अपना शतक पूरा किया। हालांकि जयसूर्या (10) के आउट होते ही वह भी अगले ओवर में पवेलियन लौट गए, जिससे श्रीलंकाई टीम 300 रन तक नहीं पहुंच सकी। 

 

यह भी पढ़ें: भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को ड्रॉ पर रोका, अब आगे का रास्ता कैसा है?

 

भारत की ओर से मानव सुथार ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। जडेजा ने 3 विकेट झटके। मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव के खाते में 1-1 विकेट रहे। श्रीलंका की पारी सिमटने तक तीसरे दिन का खेल खत्म होने में कुछ समय बचा था। ऐसे में भारतीय टीम की दूसरी पारी शुरू होने वाली थी लेकिन बारिश की खलल की वजह से केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। अब चौथे दिन ही भारतीय बल्लेबाज ऐक्शन में दिखेंगे।