भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर एशिया में अपनी बादशाहत साबित कर दी है। अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में एक विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने 9वीं बार इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। ओमान की राजधानी मस्कट के अल अमेरात में खेले गए फाइनल में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। उस्मान खान के शानदार शतक की बदौलत 50 ओवर में 337 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन बीच के ओवरों में विकेटों का पतझड़ लग गया। एक समय भारत ने 252 रन पर अपने 8 विकेट गंवा दिए थे। टीम को जीत के लिए 51 गेंदों में 86 रन की जरूरत थी। ऐसे मुश्किल वक्त में मनल चौहान और मोहित उल्वा ने मोर्चा संभाला और अपनी शानदार पारियों से मैच का रुख पलट दिया। भारत ने आखिरी गेंद पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

 

पाकिस्तान की ओर से सलामी बल्लेबाज उस्मान खान ने 111 गेंदों में 107 रन बनाए। वहीं, अब्दुल कादिर ने 80 और कप्तान फरहान यूसुफ ने 63 रन की पारी खेली। भारत की ओर से काव्या पटेल ने 4 और चिगुरुपति वेंकट ने 3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को आर्रवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी हुई। कप्तान लक्ष्य ने 58 रन बनाए। हालांकि, इसके बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई। वीके विनीत और अर्जुन राजपूत भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। यहां से मनल चौहान और मोहित उल्वा ने 57 रन की अहम साझेदारी कर टीम की उम्मीदें जिंदा रखीं। आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रन चाहिए थे और मोहित उल्वा ने चौका जड़कर भारत को चैंपियन बना दिया।

अंडर-19 एशिया कप में भारत का दबदबा

अंडर-19 पुरुष एशिया कप के इतिहास में भारतीय टीम सबसे सफल टीम रही है। 2026 में पाकिस्तान को हराकर भारत ने नौवीं बार इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की। भारत ने पहली बार 1989 में यह खिताब जीता था। इसके बाद 2003, 2012, 2013-14, 2016, 2018, 2019 और 2021 में भी भारतीय टीम चैंपियन बनी। 2012 में भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला टाई रहा था, जिसके बाद दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था।

कब-कब चैंपियन बना भारत?  

भारत का अंडर-19 एशिया कप में खिताबी सफर करीब चार दशक पुराना है। इस दौरान टीम ने कई यादगार मुकाबले खेले और अलग-अलग देशों में अपनी ताकत दिखाई।

 

  •  1989 (बांग्लादेश): भारत ने टूर्नामेंट का पहला खिताब अपने नाम किया। 
  •  2003 (पाकिस्तान): भारत ने फाइनल जीतकर दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा किया। इस संस्करण में इरफान पठान ने बांग्लादेश के खिलाफ 9 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था।
  •  2012 (मलेशिया): भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला टाई रहा। इसके बाद दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया।
  •  2013-14 (यूएई): भारत ने पाकिस्तान को हराकर तीसरी बार अकेले खिताब जीता।
  •  2016 (श्रीलंका): भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
  •  2018 (बांग्लादेश): भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 144 रनों से हराया।
  •  2019 (श्रीलंका): भारत ने रोमांचक फाइनल में बांग्लादेश को 5 रन से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीता।
  •  2021 (यूएई): भारतीय टीम ने डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के तहत श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया।
  •  2026 (यूएई/ओमान): भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर नौवीं बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। 

यह भी पढ़ें: अंडर-19 एशिया कप: आर्यवीर सहवाग ने छक्के से जड़ी फिफ्टी, भारत की 10 विकेट से जीत

2012 में भारत-पाक के बीच साझा हुई थी ट्रॉफी

अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में 2012 का फाइनल सबसे यादगार मुकाबलों में से एक रहा। मलेशिया में खेले गए फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था। दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने के कारण मैच टाई हो गया। इसके बाद दोनों देशों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। इस तरह भारत के खाते में एक साझा खिताब भी जुड़ा।

 

2003 के अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरी बार खिताब जीता था। इस टूर्नामेंट में इरफान पठान का प्रदर्शन खास रहा। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ एक मुकाबले में 16 रन देकर 9 विकेट झटके थे। उनका यह प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट के युवा खिलाड़ियों के यादगार प्रदर्शनों में गिना जाता है।

 

यह भी पढ़ें: अंडर-19 एशिया कप: रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हराया

पाकिस्तान को हराकर फिर साबित की बादशाहत

2026 के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर भारतीय टीम ने एक बार फिर दिखा दिया कि जूनियर क्रिकेट में उसका दबदबा कितना मजबूत है। टूर्नामेंट में भारत ने मुश्किल परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी। फाइनल में 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिरी गेंद पर मिली जीत ने इस खिताबी सफर को और यादगार बना दिया। नौवीं बार ट्रॉफी जीतकर भारत ने अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में अपनी बादशाहत और मजबूत कर ली।