मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2024 में कुछ भी अच्छा नहीं रहा। नए कप्तान हार्दिक पंड्या की अगुवाई में टीम बिखरी-बिखरी सी नजर आई। रोहित शर्मा की जगह कप्तान बने हार्दिक को दर्शकों की हूटिंग का सामना करना पड़ा। मुंबई पूरे सीजन संघर्ष करती रही और 14 मैचों में सिर्फ 4 ही जीत दर्ज कर सकी। टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर रही। उन्हें क्वालिटी स्पिनर की कमी ने बहुत परेशान किया। बल्लेबाजों के प्रदर्शन में भी निरंतरता का अभाव रहा, जिससे वे आईपीएल इतिहास में दूसरी बार आखिरी स्थान पर रहे। 

 

इस बार कितनी तैयार है मुंबई इंडियंस?

 

मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा को रिटेन किया था। नमन धीर के लिए मेगा ऑक्शन में उन्होंने अपना इकलौता राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल किया। फ्रेंचाइजी ने ट्रेंट बोल्ट को फिर से अपने साथ जोड़ लिया है। दीपक चाहर टीम के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं। उन्हें वानखेड़े की लाल मिट्टी की पिच रास आएगी। रायन रिकलटन और विल जैक्स की भूमिका भी अहम रहेगी। 

 

मुंबई ने स्पिन डिपार्टमेंट को मजबूत करने के लिए मिचेल सैंटनर और अफगानिस्तान के एएम गजनफर को अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि सीजन शुरू होने से पहले गजनफर चोट के कारण बाहर हो गए। उनकी जगह मुजीब उर रहमान आए हैं। मुजीब भी क्वालिटी स्पिनर हैं लेकिन हालिया समय में उनकी फॉर्म और फिटनेस अच्छी नहीं रही है। लेग स्पिनर कर्ण शर्मा अरसे से टी20 में यादगार प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इसके अलावा बुमराह की फिटनेस भी मुंबई इंडियंस के लिए चिंता का विषय है। 

 

यह भी पढ़ें: IPL 2025 से पहले BCCI ने बदला नियम, 4 साल पुराना बैन भी हटाया

 

क्या है मुंबई इंडियंस की मजबूती?

 

मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी मजबूती भारतीय कोर है। आईपीएल में किसी भी टीम की सफलता में इसकी सबसे बड़ी भूमिका होती है। मुंबई ने 2013 से लेकर 2020 तक इसके बदौलत ही राज किया और 5 बार खिताब अपने नाम किया। बल्लेबाजी में रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या जैसे बड़े नाम हैं।

 

रिकलटन और विल जैक्स के जुड़ने से उनकी बल्लेबाजी क्रम बेहद खतरनाक नजर आ रही है। हालांकि शुरुआती मैचों में जसप्रीत बुमराह के ना होने से उनके टीम कॉम्बिनेशन पर बड़ा असर पड़ सकता है। बुमराह पीठ की चोट से उबर रहे हैं। वह अप्रैल में ही गेंदबाजी के लिए फिट हो पाएंगे। 

 

बुमराह के ना होने से बिगड़ ना जाए मुंबई का गेम!

 

जसप्रीत बुमराह को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि वह अप्रैल महीने की शुरुआत में चयन के लिए उपलब्ध होंगे। यह तय है कि वह कम से कम 3 मैचों को मिस करेंगे। अगर बुमराह की वापसी में देरी होती है तो मुंबई की राह कठिन हो सकती है। उनकी गैरमौजूदगी में डेथ ओवर्स में मुंबई की टीम कमजोर पड़ सकती है। साथ ही बुमराह के ना होने पर एक अतिरिक्त विदेशी तेज गेंदबाज को खिलाना पड़ेगा, जिसके चलते रिकलटन और विल जैक्स में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है।

 

मिचेल सैंटनर स्पिन आक्रमण की अगुवाई करेंगे। वह और मुजीब साथ खेल जाएं, इसकी उम्मीद बेहद कम है। ऐसे में भारतीय स्पिनरों के ऊपर भी बड़ी जिम्मेदारी होगी।

 

यह भी पढ़ें: कप्तान बदला, टीम बदली, अब खत्म होगा RCB का इंतजार?


कब है मुंबई का पहला मैच?

 

आईपीएल 2025 का आगाज 22 मार्च से होगा। इसके एक दिन बाद मुंबई इंडियंस की टीम मैदान पर उतरेगी। अपने अभियान की शुरुआत वे चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ करेंगे। 29 मार्च को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस का सामना करने के बाद मुंबई 31 मार्च को अपने होम ग्राउंड वानखेड़े में कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी।


संभावित प्लेइंग-XI: 

 

रोहित शर्मा, रायन रिकलटन, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह

 

इम्पैक्ट प्लेयर - राज अंगद बावा/रॉबिंन मिंज

 

मुंबई इंडियंस का फुल स्क्वॉड:

 

रोहित शर्मा, रायन रिकलटन, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, राज अंगद बावा, रॉबिंन मिंज, श्रीजित कृष्णन, बेवोन जैकब्स, विग्नेश पुथुर, कॉर्बिन बॉश, कर्ण शर्मा, अश्वनी कुमार, रीस टॉप्ली, स्तनारायण, पेन्मेत्सा, अर्जुन तेंदुलकर, मुजीब उर रहमान


IPL में मुंबई इंडियंस का सफर

  • 2024 - सबसे निचले स्थान पर
  • 2023 - प्लेऑफ
  • 2022 - सबसे निचले स्थान पर
  • 2021 - पांचवें स्थान पर
  • 2020 - चैंपियन
  • 2019 - चैंपियन
  • 2018 - पांचवें स्थान पर
  • 2017 - चैंपियन
  • 2016 - पांचवें स्थान पर
  • 2015 - चैंपियन
  • 2014 - प्लेऑफ
  • 2013 - चैंपियन
  • 2012 - प्लेऑफ
  • 2011 - प्लेऑफ
  • 2010 - उप-विजेता
  • 2009 - सातवें स्थान पर
  • 2008 - पांचवें स्थान पर