इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 62वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के स्टार ओपनर केएल राहुल ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली। 194 रन के चेज में राहुल ने 42 गेंद में 56 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 3 छक्के शामिल रहे। RR के खिलाफ राहुल का यह 9वां अर्धशतक रहा। इसके साथ ही उन्होंने IPL में RR के सामने सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने के मामले में एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

 

IPL में डिविलियर्स ने RR के खिलाफ 20 पारियों में 8 बार पचास का आंकड़ा पार किया था। राहुल 19 पारियों में ही उनसे आगे निकल गए हैं। उन्होंने 1 मई को जयपुर में 40 गेंद में 75 रन की पारी खेलकर डिविलियर्स की बराबरी की थी। अब उन्हें पछाड़ दिया है।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को हराया, पंजाब किंग्स की बल्ले-बल्ले

IPL में RR के खिलाफ सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर

  • 9 - केएल राहुल (19 पारियां)
  • 8 - एबी डिविलियर्स (20 पारियां)
  • 7 - शिखर धवन (24 पारियां)
  • 7 - विराट कोहली (33 पारियां)
  • 6 - ईशान किशन (14 पारियां)

राहुल ने हासिल की एक और बड़ी उपलब्धि

दाएं हाथ के बल्लेबाज राहुल ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने IPL में 50वां फिफ्टी प्लस स्कोर बनाया। वह इस लीग में 50वीं बार पचास का आंकड़ा पार करने वाले पांचवें बल्लेबाज बने। उनसे पहले विराट कोहली, डेविड वॉर्नर, शिखर धवन और रोहित शर्मा ने यह कारनामा किया है।

IPL में सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर

  • विराट कोहली - 76
  • डेविड वॉर्नर - 66
  • शिखर धवन - 53
  • रोहित शर्मा - 51
  • केएल राहुल - 50

यह भी पढ़ें: मिचेल स्टार्क जैसा कोई नहीं... 4 गेंद के अंदर 3 विकेट लेकर तोड़ी RR की कमर

DC की उम्मीदें कायम

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में DC ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और मिचेल स्टार्क की घातक गेंदबाजी (4/40) की बदौलत RR को 193 रन पर रोक दिया। इसके बाद राहुल और अभिषेक पोरेल (31 गेंद में 51 रन) ने 105 रन की ओपनिंग साझेदारी कर DC की जीत की नींव रखी। हालांकि दोनों के आउट होने के बाद वह रन चेज में फंस गई थी। कप्तान अक्षर पटेल (18 गेंद में नाबाद 34 रन) ने अंत तक खड़े रहकर उसे लक्ष्य तक पहुंचाया। आशुतोष शर्मा ने 5 गेंद में नाबाद 18 रन ठोककर फंसा मैच निकाला। इस जीत के साथ प्लेऑफ की रेस में DC की उम्मीदें कायम हैं।