इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का खराब प्रदर्शन जारी है। टीम ने लगातार चौथा मुकाबला गंवा दिया है। LSG बुधवार (22 अप्रैल) की रात राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 160 रन का टारगेट भी नहीं चेज कर पाई और उसे घर में लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। LSG ने 77 रन पर RR की आधी टीम समेट दी थी। इसके बावजूद RR सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
अपेक्षाकृत छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी LSG ने पहले ही ओवर में आयुष बदोनी (0) को रन आउट के रूप में खो दिया। इसके बाद ऋषभ पंत से कप्तानी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह दूसरे ओवर में नांद्रे बर्गर की गेंद पर गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलकर चलते बने। पंत अपना खाता भी नहीं खोल सके। कुछ देर बाद एडन मारक्रम (0) भी आउट हो गए और 3 ओवर में ही LSG की हार तय हो गई।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग से छेड़छाड़ करने पर यही होगा, बड़ी गलती कर रही है RR
पूरन की फिर धीमी बल्लेबाजी
11 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद मिचेल मार्श ने निकोलस पूरन के साथ मिलकर LSG को 50 के पार पहुंचाया। पूरन काफी धीमी बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन जब रनगति बढ़ाने की बारी आई, तब वह रवींद्र जडेजा का शिकार बन गए। पूरन ने 25 गेंद खेलकर सिर्फ 22 रन बनाए। मार्श ने 55 रन जरूर बनाए लेकिन इसके लिए उन्होंने 41 गेंदें ली, जिससे LSG की पारी कभी गति ही नहीं पकड़ पाई। अंत में उसकी पूरी टीम 18 ओवर में ही 119 पर सिमट गई और उसे लो-स्कोरिंग मुकाबले में 40 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: 20 रन बनाकर खुश हो जा रहे हैं रियान पराग? LSG के खिलाफ विकेट फेंककर लौटे पवेलियन
पूरन-पंत पर प्राइस टैग का प्रेशर?
पंत IPL इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर हैं। उन्हें LSG ने पिछले मेगा ऑक्शन में 28 करोड़ रुपये में खरीदा था। IPL 2025 में खराब प्रदर्शन के बावजूद फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन किया। इसी तरह पूरन भी हालिया समय में खराब दौर से गुजर रहे हैं। फिर भी उन्हें LSG ने 21 करोड़ रुपये में अपने साथ बनाए रखा। इन दोनों खिलाड़ियों पर LSG ने 48 करोड़ रुपये खर्च कर दिए लेकिन ये दोनों खिलाड़ी बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए हैं। पंत ने इस सीजन जहां 7 पारियों में 132.43 के स्ट्राइक रेट से 147 रन बनाए हैं। वहीं पूरन महज 73 रन ही जोड़ पाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 82.02 का है।
LSG का आधा सीजन समाप्त हो चुका है और उसकी प्लेऑफ की राह मुश्किल होती जा रही है। टीम 7 में से 2 ही मैच जीत पाई है। उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बचे हुए 7 में से कम से कम 6 मैच जीतने होंगे। इसके लिए मैनेजमेंट को पूरन पर कड़ा फैसला लेना होगा, जो 100 के स्ट्राइक रेट से भी रन नहीं बना पा रहे हैं।
