इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स उन टीमों में शामिल है, जिसकी बल्लेबाजी बेहद मजबूत है। मिचेल मार्श और एडन मारक्रम की जोड़ी एक बार फिर पारी की शुरुआत करेगी। निकोलस पूरन फर्स्ट डाउन आएंगे और फिर इसके बाद ऋषभ पंत, आयुष बदोनी और अब्दुल समद का नंबर हो सकता है। इसके अलावा LSG के पास जोश इंग्लिश और मैथ्यू ब्रीत्जके भी हैं। हालांकि इंग्लिश IPL 2026 के पूरे सीजन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
देखा जाएगा तो LSG के पास ओपनिंग से लेकर नंबर-6 तक एक से बढ़कर एक धुरंधर हैं लेकिन उसकी गेंदबाजी में वह बात नजर नहीं आ रही है। इस फ्रेंचाइजी ने मोहम्मद शमी को सनराइजर्स हैदराबाद से ट्रे़ड कर अपने स्क्वॉड में जोड़ा था। LSG ने मिनी ऑक्शन में एनरिक नॉर्खिया और वनिंदु हसरंगा को खरीद अपनी गेंदबाजी मजबूत करने की कोशिश की लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान श्रीलंकाई स्पिनर को लगी चोट ने उसकी चिंताएं बढ़ा दी हैं।
यह भी पढ़ें: बटलर-गिल खराब फॉर्म से जूझ रहे, रदरफोर्ड भी चले गए, कैसे जीतेगी गुजरात टाइटंस?
LSG के पेस अटैक में कौन-कौन?
ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम की पेस अटैक में नॉर्खिया को छोड़ सभी भारतीय गेंदबाज हैं, जिसमें शमी, आवेश खान, मयंक यादव, मोहसिन खान, प्रिंस यादव, आकाश सिंह, अर्जुन तेंदुलकर और नमन तिवारी का नाम शामिल है। इन गेंदबाजों में से शमी, आवेश, मयंक और मोहसिन खेलते नजर आएंगे। ये चारों तेज गेंदबाज फिटनेस से जूझते रहे हैं। शमी 35 साल के हो चुके हैं, वहीं आवेश, मयंक और मोहसिन की फिटनेस पर हमेशा सवालिया निशान रहते हैं। प्रिंस यादव और आकाश सिंह से IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट में बहुत ज्यादा उम्मीद करना बेमानी होगी।
नॉर्खिया ने इस साल की शुरुआत में साउथ अफ्रीका की टी20 लीग (SA20) में अच्छी गेंदबाज की थी। वह SA20 2025/26 में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में दूसरे स्थान पर रहे थे। उन्होंने 11 पारियों में 7 की इकॉनमी से 18 विकेट झटके थे। इस तेज गेंदबाज को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सिर्फ 2 ही मैच खेलने को मिले। कैगिसो रबाडा और लुंगि एनगिडी के रहते नॉर्खिया की जगह नहीं बन पाई। हालांकि वह LSG की फर्स्ट चॉइस प्लेइंग-XII का हिस्सा जरूर होंगे लेकिन उनके उन्हें दूसरे छोर से सपोर्ट चाहिए होगा। LSG को शमी से काफी उम्मीदें हैं। अगर वह दूसरे छोर से मोर्चा नहीं सभालते हैं तो LSG को दूसरे विदेशी पेसर की काफी कमी खलेगी।
यह भी पढ़ें: 'माही भाई से फोन पर बात...' धोनी के साथ IPL में खेलने पर क्या बोले संजू सैमसन?
स्पिन अटैक कैसा है?
वनिंदु हसरंगा पूरी सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे या वह कुछ ही मैच खेलेंगे, यह साफ नहीं है। उनकी गैरमौजूदगी में दिग्वेश राठी एक बार फिर स्पिन डिपार्टमेंट की अगुवाई करेंगे। इसके अलावा LSG के पास लेफ्ट आर्म स्पिनर शाहबाज अहमद भी हैं, जो लोअर ऑर्डर में आकर बहुमूल्य रन जुटा सकते हैं। एम सिद्धार्थ का भी एक विकल्प है। कुल मिलाकर पेस अटैक की तुलना में LSG का स्पिन अटैक थोड़ा बेहतर है लेकिन यह गेंदबाजी लाइन अप ट्रॉफी जीतने का भरोसा नहीं दिलाती। LSG अगर टूर्नामेंट में आगे बढ़ेगी तो बल्लेबाजों के दम पर ही!
लखनऊ सुपर जायंट्स का शेड्यूल
- बनाम - DC, 1 अप्रल, लखनऊ
- बनाम - SRH, 5 अप्रैल, हैदराबाद
- बनाम - KKR, 9 अप्रैल, कोलकाता
- बनाम - GT, 12 अप्रैल, लखनऊ
लखनऊ सुपर जायंट्स का फुल स्क्वॉड: ऋषभ पंत (कप्तान), मिचेल मार्श, एडन मारक्रम, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, आवेश खान, मयंक यादव, मोहसिन खान, दिग्वेश राठी, मैथ्यू ब्रीत्जके, हिम्मत सिंह, अर्शिन कुलकर्णी, प्रिंस यादव, एम सिद्धार्थ, आकाश सिंह, अर्जुन तेंदुलकर, जोश इंग्लिस, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, एनरिक नॉर्खिया, वानिंदु हसरंगा,नमन तिवारी
