इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में राजस्थान रॉयल्स की टीम अपने टॉप-3 पर टिकी है। यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल के चलने पर ही टीम जीत रही है। इस तिकड़ी के सस्ते में आउट होते ही RR संकट में नजर आती है, क्योंकि कप्तान रियान पराग और शिमरोन हेटमायर खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ बुधवार (22 अप्रैल) को यशस्वी, वैभव और ध्रुव 32 रन पर ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद रियान से जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी की जरूरत थी लेकिन वह अपना विकेट फेंककर चलते बने।

 

हेटमायर और रियान ने 30 रन की साझेदारी कर RR को शुरुआती झटकों से उबार लिया था। लग रहा था कि वे टीम को बड़े स्कोर तक लेकर जाएंगे, तभी रियान ने प्रिंस यादव की स्टंप लाइन की लेंथ गेंद पर हेलीकॉप्टर शॉट का प्रयास किया, जो सीधे लॉन्ग ऑन पर खड़े निकोलस पूरन के पास चली गई। रियान 19 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए। रियान के पवेलियन लौटने के बाद हेटमायर भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और RR का स्कोर 77/5 हो गया।

 

यह भी पढ़ें: जिस टॉप ऑर्डर पर था राजस्थान रॉयल्स को घमंड, शमी ने उसे ही ध्वस्त कर दिया

लगातार छठे मैच में फेल हुए रियान 

रियान IPL 2026 में 7 मैचों में 69 रन ही बना पाए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ ओपनिंग मैच में वह 11 गेंद में 14 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। इस मुकाबले को छोड़ दें तो रियान लगातार 6 मैचों में बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए हैं। उन्होंने 2 बार 20 रन का आंकड़ा छुआ है लेकिन वह कभी भी इससे आगे नहीं बढ़ पाए हैं। 3 बार वह सिंगल डिजिट स्कोर में आउट हुए हैं। टॉप-3 के चलने पर रियान की खराब फॉर्म छिप जा रही थी लेकिन अब उनके बल्ले से रन नहीं आना टीम को महंगा पड़ रहा है।

 

यह भी पढ़ें: हार का चौका रोकने के लिए दो बदलाव के साथ उतरी LSG, पराग ने अपनी टीम नहीं छेड़ा

IPL 2026 में रियान पराग का प्रदर्शन

  • बनाम LSG - 19 गेंद में 20 रन
  • बनाम KKR - 14 गेंद में 12 रन
  • बनाम SRH - 6 गेंद में 4 रन, 1 विकेट
  • बनाम RCB - 5 गेंद में 3 रन
  • बनाम MI - 10 गेंद में 20 रन
  • बनाम GT - 4 गेंद में 8 रन, 1 विकेट
  • बनाम CSK - 11 गेंद में नाबाद 14 रन