14 साल के वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेलते नजर आएंगे। वैभव ने पिछले सीजन अपना IPL डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने 7 मैचों में 252 रन बनाए थे। वैभव ने ये रन 206.55 के स्ट्राइक रेट से जड़े थे। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला। वैभव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 35 गेंद में शतक ठोका, जो IPL इतिहास की दूसरी सबसे तेज सेंचुरी रही। साथ ही वह IPL में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने।

 

इस महीने की 28 तारीख से शुरू होने जा रहे नए IPL सीजन में एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी पर सबकी निगाहें रहेंगी। उन्होंने हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 175 रन की धुआंधार पारी खेल भारत को चैंपियन बनाया था। अब वह क्रिस गेल के एक बड़े रिकॉर्ड को तोड़ना चाहते हैं। वैभव ने गेल के उस रिकॉर्ड को तोड़ने की बात कही है, जिसके आज तक कोई करीब भी नहीं पहुंच सका है।

 

यह भी पढ़ें: बैटिंग मजबूत, गेंदबाजी में बोल्ट-बुमराह-पंड्या, छठा खिताब जीतेगी MI?

गेल के कौन से रिकॉर्ड को तोड़ना चाहते हैं वैभव?

नई दिल्ली में रविवार (15 मार्च) को आयोजित हुए BCCI नमन अवॉर्ड 2026 समारोह में कॉमेंटेर हर्षा भोगले ने वैभव से पूछा कि आगामी IPL सीजन में किस रिकॉर्ड को तोड़ने की ख्वाहिश है। हर्षा ने वैभव को तीन ऑप्शन दिए: ओवर में 6 छक्के, क्रिस गेल का 175 रन का रिकॉर्ड और सबसे तेज शतक। वैभव ने कहा कि वह इनमें से 175 रन की पारी के रिकॉर्ड को तोड़ना चाहते हैं।

 

क्रिस गेल ने IPL 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 66 गेंद में नाबाद 175 रन की पारी खेली थी, जिसमें 13 चौके और 17 छक्के शामिल थे। यह IPL इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। 13 साल में कोई भी इसके करीब नहीं पहुंच पाया है।

 

यह भी पढ़ें: 'KKR ने गलत फैसला लिया', श्रेयस अय्यर को छोड़ने पर अनिल कुंबले ने उठाए सवाल

IPL ट्रॉफी जीतना है टारगेट

वैभव ने इस अवॉर्ड समारोह में कहा कि वह इस सीजन राजस्थान रॉयल्स को IPL चैंपियन बनाना चाहते हैं। उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, 'इस IPL सीजन में मेरा टारगेट टीम के लिए ट्रॉफी जीतना है क्योंकि यह बहुत महत्वपूर्ण है। मैं अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं ताकि मेरी पारी से पूरी टीम को फायदा मिले। मेरा उद्देश्य राजस्थान रॉयल्स की जीत में योगदान देना और फ्रेंचाइजी के लिए ट्रॉफी जीतना है।'