भारतीय टीम को श्रीलंका दौरे से पहले करारा झटका लगा है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह फिटनेस समस्याओं के चलते इस महीने होने वाली 2 मैचों टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। बुमराह अपने बाएं घुटने में अभी भी तकलीफ महसूस कर रहे हैं, जिसके कारण उन्हें BCCI की मेडिकल टीम ने आराम की सलाह दी है। बुमराह को 23 अगस्त से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट के लिए तैयार करने की योजना थी लेकिन मेडिकल टीम ने जोखिम नहीं लेने का फैसला किया। आकाश दीप लंबे समय से चली आ रही चोट से उबर रहे हैं और सेलेक्टर्स ने मोहम्मद शमी से आगे बढ़कर सोचना शुरू कर दिया है। ऐसे में बुमराह की गैरमौजूदगी में ये तीन गेंदबाज टीम में जगह बना सकते हैं।
आकिब नबी
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने पिछले दो रणजी सीजन से धमाल मचा रखा है। उन्हें लंबे समय से भारतीय टेस्ट टीम में शामिल करने की मांग की जा रही है। शायद अब उनके लिए टीम इंडिया के दरवाजे खुल सकते हैं। 29 साल के इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 2025-26 रणजी सीजन में 60 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को चैंपियन बनाया था। आकिब नबी हाल ही में इंडिया-ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने 2 अनऑफिशियल टेस्ट मैचों में 6 विकेट झटके।
यह भी पढ़ें: बुखार के बावजूद अरुंधति ने जीता गोल्ड, अब राजस्थान सरकार की बेरुखी पर उठाए सवाल
यश ठाकुर
विदर्भ के तेज गेंदबाज यश ठाकुर भी इंडिया-ए के साथ श्रीलंका गए थे 5 विकेट हासिल किए थे। 27 साल के यश ठाकुर 32 फर्स्ट क्लास मैचों में 93 विकेट चटका चुके हैं। वह हिट द डेक गेंदबाज हैं, जो श्रीलंका की बेजान पिचों पर उन्हें बुमराह का परफेक्ट रिप्लेसमेंट बनाता है। यश ठाकुर ने हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था और 2 टी20I मैचों में 4 विकेट चटकाए थे।
यह भी पढ़ें: करुण नायर की एंट्री... तिलक वर्मा की कप्तानी वाली टीम का ऐलान
अंशुल कम्बोज
हरियाणा के अंशुल कम्बोज टीम इंडिया के लिए टेस्ट डेब्यू कर चुके हैं। उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर ओल्ड ट्रैफर्ड में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। हालांकि 25 साल के इस तेज गेंदबाज के लिए डेब्यू मैच भुलाने वाला रहा। उन्होंने 18 ओवर में सिर्फ 1 विकेट लिया और उनकी इकॉनमी 4.94 की रही। इसके बाद से उन्होंने अच्छी वापसी की है। कम्बोज ने IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 14 मैचों में 21 विकेट लिए थे। उन्होंने इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेले गए पहले रेड-बॉल मैच में भी हिस्सा लिया था। कम्बोज रणजी ट्रॉफी में एक पारी में 10 विकेट लेना का कारनामा कर चुके हैं।
