दुनियाभर के फुटबॉल फैंस पर FIFA वर्ल्ड कप 2026 का खुमार छाया हुआ है। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में हो रहे इस टूर्नामेंट में खिताब के लिए 48 टीमें उतरी हैं। केवल वर्ल्ड कप के समय फुटबॉल फॉलो करने वाले फैंस की निगाहें गोल स्कोरर्स यानी स्ट्राइकर्स पर रहती हैं। वहीं डिफेंडर्स के योगदान पर उनका ध्यान उतना नहीं जाता। ऐसे में आज बात फुटबॉल इतिहास के कुछ ऐसे डिफेंडर्स की करेंगे, जिनके सामने अटैकिंग मिडफील्डर्स भी फीके नजर आते हैं। आइए सबसे ज्यादा गोल करने वाले टॉप-5 डिफेंडर्स के बार में जानते हैं।
रोनाल्ड कोमैन
नीदरलैंड्स के पूर्व दिग्गज रोनाल्ड कोमैन ने 763 प्रोफेशनल मैचों में 253 गोल किए। कोमैन को अक्सर स्वीपर के तौर पर खिलाया जाता था, जिससे उन्हें आगे बढ़कर खेलने की आजादी मिलती थी। वह कई क्लबों के लिए पेनल्टी और फ्री-किक भी लेते थे। उन्होंने बार्सिलोना के लिए 1989-90 और 1993-94 दोनों सीजन में 19-19 गोल किए थे। बार्सिलोना के लिए उनका सबसे अहम गोल 1992 में आया। कोमैन ने सैम्पडोरिया के खिलाफ एक्स्ट्रा-टाइम में फ्री-किक पर गोल दाग बार्सिलोना को उसका पहला यूरोपियन कप जीता दिया था।
डैनियल पासारेला
डिएगो माराडोना और लियोनेल मेसी को अर्जेंटीना का सबसे महान खिलाड़ी माना जाता है लेकिन इसमें कोई शक नहीं है कि डैनियल पासारेला इस लैटिन अमेरिकी देश के अब तक के सबसे बेहतरीन डिफेंडर हैं। पासारेला की कप्तानी में अर्जेंटीना ने अपने घरेलू मैदान पर 1978 का वर्ल्ड कप जीता था। वह 1986 में भी वर्ल्ड चैंपियन बनने वाली टीम का हिस्सा थे। पासारेला ने अपने प्रोफेशनल करियर में कुल 175 गोल दागे। छह फीट से कम कद का होने के बावजूद उन्होंने कई हेडर गोल किए और पेनल्टी स्पॉट से भी वह बेहद खतरनाक साबित होते थे।
यह भी पढ़ें: स्पेन को FIFA वर्ल्ड कप 2026 का दावेदार क्यों मान रही है दुनिया?
फर्नांडो हिएरो
स्पेन के फर्नांडो हिएरो ने अपने प्रोफेशनल करियर में 163 गोल किए। वह रियाल मैड्रिड के दिग्गज खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने रियाल मैड्रिड के लिए 127 गोल दागे। इस क्लब के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में वह कई दिग्गज सेंटर-फॉरवर्ड से आगे हैं। रियाल मैड्रिड में उनका सबसे अच्छा सीजन 1991-92 का रहा था। उस सीजन इस सेंटर-बैक ने 53 मैचों में 26 बेहतरीन गोल किए थे। हिएरो ने स्पेन के लिए भी 29 गोल किए, जिसमें तीन अलग-अलग वर्ल्ड कप में किए गए गोल भी शामिल हैं।
जेम्स टैवर्नियर
इंग्लैंड के जेम्स टैवर्नियर ने अपने करियर में 153 गोल किए हैं। पेनल्टी लेने में माहिर यह खिलाड़ी 2016 में सिर्फ 200,000 यूरो की फीस पर स्कॉटलैंड के क्लब रेंजर्स से जुड़ा था। इन 10 सालों में टैवर्नियर रेंजर्स के दिग्गज के तौर पर उभरे हैं। ब्रिटिश फुटबॉल इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले डिफेंडर बन चुके इस फुल-बैक ने अपनी पेनल्टी-किक की काबिलियत से रेंजर्स को 2022 यूरोपा लीग फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
यह भी पढ़ें: मोरक्को से हारते-हारते बचा ब्राजील, विनीसियस ने बचाई लाज
लॉरेंट ब्लैंक
फ्रांस के डिफेंडर लॉरेंट ब्लैंक ने 1998 वर्ल्ड कप में पराग्वे के खिलाफ 'गोल्डन गोल' किया था। उन्होंने अपने प्रोफेशनल करियर में 153 गोल दागे। ब्लैंक ने एक अटैकिंग मिडफील्डर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी और उन्होंने पेनल्टी स्पॉट से कई गोल किए। ब्लैंक फ्रांस के क्लब मोंटपेलियर के लिए लंबे समय तक खेले। उन्होंने इस क्लब के लिए 267 मैचों में 84 गोल किए।
