खेल के मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले अक्सर तनाव और रोमांच से भरे होते हैं। कई बार मुकाबले से जुड़ी ऐसी मजेदार यादें भी सामने आती हैं, जो लंबे समय तक याद रहती हैं। भारतीय बॉक्सर नरेंद्र बरवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान 2015 के वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स का ऐसा ही एक किस्सा सुनाया। बरवाल का किस्सा सुनकर प्रधानमंत्री मोदी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

 

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल जीतने वाले नरेंद्र बरवाल ने बताया कि वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स 2015 के दौरान उनका मुकाबला पाकिस्तान के एक बॉक्सर से हुआ था। उस समय दोनों देशों के बीच तनाव को देखते हुए भारतीय सेना के अधिकारियों ने उन्हें मुकाबला नहीं हारने की हिदायत दी थी। बरवाल ने मुकाबला जीत लिया लेकिन मैच के दौरान दोनों खिलाड़ियों के चेहरे पर चोट लग गई। इसके बाद दोनों इलाज के लिए एक ही अस्पताल पहुंचे।

 

यह भी पढ़ें: खेलो इंडिया पर खर्च हुए 3,790.50 करोड़ रुपये, कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल कितने आए?

अधिकारियों के निर्देश क्या थे?

नरेंद्र बरवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में उनका पहला मुकाबला पाकिस्तान के बॉक्सर से था। मुकाबले से पहले भारतीय अधिकारियों ने उन्हें फोन कर कहा था कि सामने पाकिस्तान का खिलाड़ी है इसलिए किसी भी हालत में हारना नहीं है। बरवाल ने रिंग में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहला राउंड 4-1 और दूसरा राउंड 3-2 से जीता और मुकाबला अपने नाम कर लिया। हालांकि, मैच के दौरान दोनों खिलाड़ियों को चोट लग गई। चेहरे पर लगे कट के कारण दोनों को टांके लगवाने के लिए अस्पताल जाना पड़ा।

यह भी पढ़ें: गोल्ड जीतने के बाद क्यों रोईं मणिपुर की मीराबाई चानू? PM मोदी से बताई एक-एक बात

पाकिस्तानी बॉक्सर ने बरवाल से क्या कहा?

अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच बातचीत हुई। बरवाल ने बताया कि पाकिस्तानी बॉक्सर ने उनसे कहा, 'भाई, एक बात कहूं?' जब बरवाल ने हां कहा तो उसने मजाकिया अंदाज में कहा, 'आपका नाम नरेंद्र है, आपके कोच का नाम नरेंद्र है और आपके प्रधानमंत्री का नाम नरेंद्र है। मुझे नरेंद्र नाम से नफरत हो गई है।' यह बात बताते हुए बरवाल खुद भी हंसने लगे। उनका किस्सा सुनकर प्रधानमंत्री मोदी भी जोर से हंस पड़े। समारोह में मौजूद खिलाड़ियों ने भी इस मजेदार किस्से का आनंद लिया।