IPL 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) की बल्लेबाजी का खौफ एक बार फिर दुनिया ने देखा। चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली की जोड़ी ने ऐसी तबाही मचाई कि रिकॉर्ड्स की झड़ी लग गई। इन दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर मैदान के हर कोने में चौके-छक्कों की बरसात की और लखनऊ के गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया।
मैच की शुरुआत पंजाब के लिए अच्छी नहीं रही थी और सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद जो हुआ उसने इतिहास रच दिया। प्रियांश आर्य महज 37 गेंदों में 93 रनों की तूफानी पारी खेलकर शतक से चूक गए, जबकि कूपर कोनोली ने 46 गेंदों में 87 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी ने पंजाब को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप 2027 तक अजीत अगरकर ही क्यों रहेंगे टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर?
प्रियांश-कोनोली ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
- प्रभसिमरन के जल्दी आउट होने के बाद प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 182 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी की। यह पंजाब किंग्स के इतिहास की अब तक की तीसरी सबसे बड़ी पार्टनरशिप है। इससे पहले साल 2011 में एडम गिलक्रिस्ट और शॉन मार्श ने 206 रनों की साझेदारी की तथा मयंक अग्रवाल और केएल राहुल (183 रन) की जोड़ियां ही इनसे आगे रही हैं।
- इस धमाकेदार साझेदारी में कुल 16 छक्के और 12 चौके लगे। दोनों ने सिर्फ 80 गेंदों में 182 रन जोड़कर 13.65 की शानदार रन रेट हासिल की। यह PBKS की सबसे तेज 100+ साझेदारियों में चौथे स्थान पर है।
- रिकॉर्ड्स का सिलसिला यहीं नहीं रुका। पारी के 12वें ओवर में एडेन मार्करम की गेंदों पर प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली ने मिलकर 32 रन कूट डाले। इसमें कोनोली ने तीन छक्के जड़े, जबकि प्रियांश ने 2 गगनचुंबी छक्के लगाए। एक गेंद वाइड रहा और एक सिंग्ल रन रहा। यह लखनऊ सुपर जायंट्स के IPL इतिहास का अब तक का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 की सबसे खराब ओपनिंग जोड़ियां कौन-सी हैं? देखें पूरी लिस्ट
लखनऊ ने दिया प्रियांश और कोनोली को जीवनदान
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह मैच किसी बुरे सपने जैसा रहा। टीम ने न सिर्फ अपनी गेंदबाजी में खराब प्रदर्शन किया, बल्कि अपनी फील्डिंग के जरिए पंजाब के बल्लेबाजों को कई जीवनदान भी दिए। मैच के दूसरे ओवर में ही मोहसिन खान ने कूपर कोनोली का कैच छोड़ दिया। उस समय कोनोली 5 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद, 10वें ओवर में प्रिंस यादव ने प्रियांश आर्य को आउट करने का एक आसान सा मौका गंवा दिया, जो उस समय 64 रन पर खेल रहे थे। इन दो बड़ी गलतियों ने मैच का रुख पूरी तरह से बदल दिया, और पंजाब के बल्लेबाजों ने इसका पूरा फायदा उठाते हुए कुल 16 छक्के जड़े।
