भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे एजबेस्टन टेस्ट के चौथे दिन (5 जुलाई) शुभमन गिल ने शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। भारतीय कप्तान ने दूसरी पारी में महज 129 गेंद में अपनी सेंचुरी पूरी की। उन्होंने पहली पारी में 269 रन ठोके थे। शुभमन एक ही टेस्ट मैच में डबल सेंचुरी और शतक जड़ने वाले दुनिया के 9वें बल्लेबाज बने हैं। वहीं सुनील गावस्कर के बाद यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज हैं।

शुभमन ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

शुभमन गिल किसी टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बने हैं। उनसे पहले यह कारनामा सुनील गावस्कर (1978) और विराट कोहली ने किया था। 

 

इतना ही नहीं शुभमन ने विराट कोहली के एक बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की है। उन्होंने लीड्स टेस्ट में भी सैकड़ा जड़ा था। एजबेस्टन में दूसरी पारी में शतक लगाते ही वह बतौर कप्तान पहले दो टेस्ट मैचों में तीन सेंचुरी ठोकने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बने। सबसे पहले यह उपलब्धि विराट कोहली ने हासिल की थी।

 

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने 52 गेंद में ठोका शतक, वर्ल्ड रिकॉर्ड चकनाचूर, VIDEO

भारत की बढ़त 500 के करीब

शुभमन ने टी-ब्रेक से ठीक पहले सिंगल लेकर अपना शतक पूरा किया। टी-ब्रेक तक दूसरी पारी में भारत का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 304 रन है। भारत के पास 484 रन की बढ़त हो चुकी है। शुभमन के साथ क्रीज पर रवींद्र जडेजा (25) खड़े हैं। देखना अहम होगा कि भारतीय टीम अपनी दूसरी कब घोषित करती है और इंग्लैंड के सामने कितने रन का टारगेट रखती है।

गावस्कर-लक्ष्मण-गांगुली सब छूटे पीछे

इससे पहले शुभमन किसी एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने का भारतीय रिकॉर्ड अपने नाम किया। शुभमन एजबेस्टन टेस्ट में अब तक 369 रन बना चुके हैं। उन्होंने सुनील गावस्कर (344), वीवीएस लक्ष्मण (340), सौरव गांगुली (330) और वीरेंद्र सहवाग (319) जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ा।

 

इसके अलावा वह एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान भी बने। शुभमन ने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में 293 रन बटोरे थे।

 

यह भी पढ़ें: करुण नायर फिर हुए फ्लॉप, तिहरा शतक के बाद एक अदद फिफ्टी के लिए तरसे

 

टीम इंडिया के लिए एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रन

  • 369* - शुभमन गिल बनाम इंग्लैंड, एजबेस्टन, 2025
  • 344 - सुनील गावस्कर बनाम वेस्टइंडीज, पोर्ट ऑफ स्पेन, 1971
  • 340 - वीवीएस लक्ष्मण बनाम ऑस्ट्रेलिया, कोलकाता, 2001
  • 330 - सौरव गांगुली बनाम पाकिस्तान, बेंगलुरु, 2007
  • 319 - वीरेंद्र सहवाग बनाम साउथ अफ्रीका, चेन्नई, 2008
  • 309 - वीरेंद्र सहवाग बनाम पाकिस्तान, मुल्तान, 2004

एक ही टेस्ट में दोहरा शतक और सेंचुरी ठोकने वाले बल्लेबाज

  • डग वाल्टर्स (ऑस्ट्रेलिया) – 242 और 103 बनाम वेस्टइंडीज
  • सुनील गावस्कर (भारत) – 124 और 220 बनाम वेस्टइंडीज
  • लॉरेंस रोव (वेस्टइंडीज) – 214 और 100 बनाम न्यूजीलैंड
  • ग्रेग चैपल (ऑस्ट्रेलिया) – 247 नाबाद और 133 बनाम न्यूजीलैंड
  • ग्राहम गूच (इंग्लैंड) – 333 और 123 बनाम भारत
  • ब्रायन लारा (वेस्टइंडीज) – 221 और 130 बनाम श्रीलंका
  • कुमार संगकारा (श्रीलंका) – 319 और 105 बनाम बांग्लादेश
  • मार्नस लाबुशेन (ऑस्ट्रेलिया) – 204 और नाबाद 104 बनाम वेस्टइंडीज
  • शुभमन गिल (भारत) - 269 और नाबाद 100 बनाम इंग्लैंड*

टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले भारतीय कप्तान

  • सुनील गावस्कर बनाम वेस्टइंडीज, कोलकाता, 1978
  • विराट कोहली बनाम ऑस्ट्रेलिया, एडिलेड, 2014
  • शुभमन गिल बनाम इंग्लैंड, एजबेस्टन, 2025