स्मृति मंधाना के लिए यह गुजरता साल चमत्कारिक रहा। भारतीय महिला टीम की सलामी बल्लेबाज ने इस साल 1703 रन बनाए, जो एक कैलेंडर ईयर में किसी महिला खिलाड़ी के सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन हैं। उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड को बेहतर किया। स्मृति ने पिछले साल 1659 रन बनाए थे।
29 वर्षीय स्मृति ने इस साल के सभी रन ODI और टी20I में बनाए। ऐसा इसलिए, क्योंकि भारतीय महिला टीम ने इस साल कोई टेस्ट मैच नहीं खेला। उन्होंने पिछले साल ODI और टी20I में 1501 रन बनाए थे। इस तरह स्मृति ने लगातार दूसरे साल व्हाइट बॉल क्रिकेट में 1500 प्लस रन बनाए। ऐसा करने वाली वह दुनिया की पहली महिला खिलाड़ी बनीं।
यह भी पढ़ें: किशन और पंघाल ने दिखाया दम, 2025 में भारतीय खिलाड़ियों के कमबैक की कहानी
महिला क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन:
| खिलाड़ी का नाम | साल | पारियां | रन |
| स्मृति मंधाना | 2025 | 32 | 1703 |
| स्मृति मंधाना | 2024 | 35 | 1659 |
| लॉरा वुलफार्ट | 2025 | 37 | 1593 |
| लॉरा वुलफार्ट | 2024 | 26 | 1364 |
| नैट सिवर ब्रंट | 2022 | 32 | 1346 |
सचिन-कोहली के क्लब में ली एंट्री
स्मृति ने व्हाइट बॉल क्रिकेट में एक से ज्यादा कैलेंडर ईयर में 1500 प्लस रन बनाने वाली पांचवीं खिलाड़ी (महिला या पुरुष) बनने की उपलब्धि हासिल की। उन्होंने रोहित शर्मा, सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के क्लब में जगह बनाई। रोहित शर्मा ने यह कारनामा तीन बार किया है। वहीं सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और विराट कोहली ने व्हाइट बॉल क्रिकेट में दो बार एक कैलेंडर ईयर में 1500 प्लस रन बनाए हैं।
महिला क्रिकेट की सबसे तेज दस हजारी
स्मृति ने पिछले दो सालों में 3362 रन बनाकर इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 10 हजार रन पूरे कर लिए। उन्होंने 28 दिसंबर को श्रीलंका के खिलाफ चौथे टी20 मैच में 80 रन की पारी के दौरान दस हजार रन के आंकड़े को छुआ। उन्होंने 280वीं पारी में यह मुकाम हासिल कर मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 291 पारियों में 10,000 रन बनाए थे। स्मृति जल्द ही महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में मिताली राज से आगे निकल सकती हैं।
यह भी पढ़ें: जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहा ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज, कभी भारत से छीना था वर्ल्ड कप
महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन
- मिताली राज (भारत) - 10,868 रन
- सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) - 10,652 रन
- चार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) - 10,273 रन
- स्मृति मंधाना (भारत) - 10, 053 रन
यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला
स्मृति मंधाना ने इस साल 6 शतक लगाए। इसमें से एक शतक उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड के खिलाफ जड़ा। इस फॉर्मेट में उनकी यह पहली सेंचुरी रही। उन्होंने इस शतक को लगाते ही तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाली पहली भारतीय महिला बनने की उपलब्धि हासिल की। महिला वर्ल्ड क्रिकेट की बात करें तो उनसे पहले हेदर नाइट, टैमी ब्यूमॉन्ट, लॉरा वुलफार्ट और बेथ मूनी ने यह कारनामा किया है।
स्मृति के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 17 शतक हो गए हैं। वह महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लानिंग की बराबरी पर आ गई हैं।
50 गेंद में जड़ा शतक
स्मृति ने वनडे वर्ल्ड कप से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल्ली में 50 गेंद में वनडे शतक लगा दिया था। महिला वनडे क्रिकेट की यह दूसरी सबसे तेज सेंचुरी रही। उनसे आगे सिर्फ लानिंग हैं, जिन्होंने 2012 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 45 गेंद में शतक जड़ा था। मंधाना ने 2025 में 5 वनडे शतक लगाए, जो किसी महिला खिलाड़ी के लिए एक साल में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा सेंचुरी का रिकॉर्ड है। तेजमिन ब्रिट्स और वुलफार्ट ने भी इस साल 5-5 वनडे शतक ठोके।
