इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का आगाज जोरदार रहा था। अक्षर पटेल की कप्तानी में टीम ने नए सीजन की शुरुआत दो बड़ी जीत के साथ की। उसने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और मुंबई इंडियंस (MI) जैसी दो मजबूत टीमों को आसानी से हराया। लगा कि DC पिछले सीजन की निराशाओं को पीछे छोड़ इस बार पूरी तैयारी के साथ आई है लेकिन अगले दो मैचों में उसकी कलई खुल गई। पहले वह गुजरात टाइटंस (GT) से करीबी मुकाबले में हारी और फिर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उसे 23 रन से शिकस्त दे दी। 

 

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ भी वह हारती दिख रही थी लेकिन डेविड मिलर ने आखिरी ओवर में 3 गेंद पर 16 रन बटोर उसे जीत दिला दी। मिलर के बूते DC जीत की पटरी पर लौटी तो है लेकिन उसे आज (21 अप्रैल) उप्पल में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के सामने उतरने से पहले नंबर-3 की समस्या को सुलझाने की सख्त जरूरत है। DC ने इस पोजिशन पर 3 बल्लेबाजों का आजमाया है और ये सभी फ्लॉप साबित हुए हैं।

 

यह भी पढ़ें: ...तो आज हैदराबाद में टूटेगा 300 रन का बैरियर? ऐसा रहता है पिच नंबर 2 का मिजाज

नंबर-3 बनी बड़ी समस्या

DC के लिए शुरुआती 3 मैचों में नीतीश राणा फर्स्ट डाउन आए थे। उन्होंने LSG के खिलाफ पहले मुकाबले में 17 गेंद खेलकर सिर्फ 15 रन बनाए। MI के सामने अगले मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद GT के खिलाफ उन्होंने 6 गेंद में 5 रन जोड़े। लगातार तीन मैचों में फेल होने के बाद DC ने राणा को ड्रॉप कर फॉर्म में चल रहे समीर रिजवी को नंबर-3 पर प्रमोट किया लेकिन वह भी CSK के खिलाफ 9 गेंद में 6 रन ही बना सके। DC ने इसके बाद RCB के खिलाफ करुण नायर को इस पोजिशन पर उतारा। मगर उसका यह दांव भी नहीं चल पाया। करुण 5 गेंद में 5 रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार का शिकार बन गए।

IPL 2026 में DC के नंबर-3 का प्रदर्शन 

करुण नायर - 5 रन, बनाम RCB
समीर रिजवी - 6 रन बनाम CSK
नीतीश राणा - 5 रन बनाम GT
नीतीश राणा - 0 बनाम MI
नीतीश राणा - 15 रन बनाम LSG 

 

यह भी पढ़ें: CSK का सब कुछ लुट गया...  टीम का सबसे बड़ा धुरंधर IPL 2026 से बाहर

हर मापदंड पर फिसड्डी DC का नंबर-3

इस सीजन में DC के नंबर-3 बैटिंग पोजिशन के आंकड़े सभी मापदंडो पर सबसे खराब नजर आते हैं। रन (31) बनाने का मामला हो, बैटिंग एवरेज (6.2) हो, स्ट्राइक रेट (78) हो या फिर बाउंड्री (6) लगाने का मामला हर मापदंड पर DC का नंबर-3 फिसड्डी है।

SRH के सामने दिखेगा नया चेहरा?

DC ने पिछले दो सीजन से अभिषेक पोरेल को टॉप ऑर्डर में रेगुलर मौके दिए हैं। उन पर एक बार फिर भरोसा दिखाया जा सकता है। पृथ्वी शॉ भी एक विकल्प हैं। हालांकि पृथ्वी को खिलाने पर केएल राहुल और पथुम निसांका में से किसी एक को नीचे आना पड़ेगा।