ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पाकिस्तान का बोरिया बिस्तर बंध गया है। श्रीलंका ने पाकिस्तानी टीम को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। पाकिस्तान को अपने आखिरी सुपर-8 मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ 64 रन से जीत की दरकार थी लेकिन वह सिर्फ 5 रन से ही जीत पाया। कीवी टीम ने बेहतर नेट रन रेट के आधार पर अंतिम-4 में एंट्री ली। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 212/8 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था मगर वह श्रीलंका को 147 रन के अंदर नहीं रोक पाया।

 

श्रीलंका ने गजब का जिगरा दिखाते हुए उसकी न सिर्फ रिटर्न टिकट बुक की बल्कि एक समय वह जीत की स्थिति में भी आ गई थी। मेजबान टीम ने खराब शुरुआत से उबरते हुए 147 रन का आंकड़ा पार कर पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर किया और फिर कप्तान दसुन शनाका की आतिशी बल्लेबाजी से उसके होश उड़ा दिए थे।

 

श्रीलंका को आखिरी ओवर में 28 रन बनाने थे। शनाका ने शाहीन शाह अफरीदी की पहली गेंद पर चौका और फिर छक्कों की हैट्रिक लगाकर बाजी पलट दी। अब श्रीलंका को 2 गेंद में 6 रन की जरूरत थी। बड़ी जीत के सपने साथ मुकाबले में उतरी पाकिस्तानी टीम हारती दिख रही थी। हालांकि शाहीन ने शनाका को आखिरी दो गेंदों पर कोई रन नहीं बनाने दिए, जिससे उनकी और पाक टीम की थोड़ी बहुत इज्जत बच गई।

 

यह भी पढ़ें: कुदरत का निजाम फेल... कौन हैं पवन रत्नायके, जिन्होंने पाकिस्तान की लगा दी लंका?

रत्नायके ने ठोकी फिफ्टी

साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने 15.5 ओवर में 176 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान को धांसू शुरुआत दिलाई थी लेकिन श्रीलंका ने डेथ ओवर्स में अच्छी वापसी की। श्रीलंका ने आखिरी 4 ओवर में पाकिस्तान को सिर्फ 35 रन बनाने दिए और 7 विकेट झटके। फरहान ने 60 गेंद में 100 रन की पारी खेली। वहीं फखर ने 42 गेंद में 84 रन ठोके। रन चेज में श्रीलंका ने 101 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लगा कि पाकिस्तान उसे 147 के नीचे रोक देगा लेकिन पवन रत्नायके और शनाका ने पाक टीम के आरमानों पर पानी फेर दिया।

 

रत्नायके और शनाका ने आतिशी बल्लेबाजी कर पाकिस्तान को सेमीफाइनल की रेस से बाहर कर दिया। रत्नायके ने 37 गेंद में 58 रन जड़े, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनके आउट होने के बाद शनाका ने रौद्र रूप अपनाया और श्रीलंका को लगभग जीत की दहलीज तक पहुंचा ही दिया था लेकिन वह फिनिशिंग लाइन पार नहीं करा पाए। उन्होंने 31 गेंद में 2 चौके और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 76 रन बनाए।

 

यह भी पढ़ें: आकिब नबी जैसा कोई नहीं... 2 रणजी सीजन में झटके 104 विकेट, 5 विकेट हॉल का रिकॉर्ड

भारत में होंगे दोनों सेमीफाइनल

पाकिस्तान का बैग पैक होते ही अब दोनों सेमीफाइनल मुकाबले भारत में होंगे। पहला सेमीफाइनल कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में, जबकि दूसरा सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। अगर पाकिस्तान अंतिम-4 में पहुंचता तो पहला सेमीफाइनल कोलंबो में खेला जाता।