टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 45वां मैच इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेला गया। यह मैच 24 फरवरी को पल्लेकेले के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुआ। इंग्लैंड ने यह मैच 2 विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई।

 

यह लगातार पांचवीं बार है जब इंग्लैंड टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचा है। हैरी ब्रूक इस टूर्नामेंट में सेंचुरी बनाने वाले अकेले कप्तान हैं। पाकिस्तान की हार ने सेमीफाइनल में उसकी राह मुश्किल कर दी है। अब पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए पूरी तरह दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।

 

यह भी पढ़ें: T20WC 2026 में टीम इंडिया को बड़ा झटका, बीच टूर्नामेंट अचानक घर लौटे रिंकू सिंह

पाकिस्तान की पारी

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही, उसने बहुत धीमी रफ्तार से रन बनाए। पहले 12 ओवर में पाकिस्तान ने 3 विकेट खोकर 84 रन बनाए। बाकी 8 ओवर में टीम ने 6 विकेट खोकर 80 रन बनाए। नतीजतन पाकिस्तान 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 164 रन ही बना पाया।

पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए। बाबर आजम और फखर जमान ने 25-25 रन बनाए। दूसरी ओर इंग्लैंड के लिए लियाम डॉसन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवरटन ने दो-दो विकेट लिए। आदिल राशिद ने एक विकेट लिया।

 

यह भी पढ़ें: SA, WI की हार, जिम्बाब्वे की एक जीत, समझिए सेमीफाइनल में कैसे पहुंच सकता है भारत

इंग्लैंड की पारी

लक्ष्य का पीछा करते करते उतरी इंग्लैंड की टीम ने शुरुआत में तेजी से रन तो बनाए लेकिन विकेट गिरने का सिलसिला नहीं रोक सकी। पहले 12 ओवर में टीम ने 5 विकेट खोकर 104 रन बना लिए थे। इसके बाद बाकी 8 ओवर में उन्होंने 3 विकेट गंवाए और 62 रन जोड़े। आखिरकार इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में 8 विकेट पर 166 रन बनाकर 5 गेंद बाकी रहते 2 विकेट से मैच जीत लिया।

इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक ने सबसे ज्यादा 100 रन बनाए, जबकि विल जैक्स ने 28 रन बनाए। दूसरी तरफ पाकिस्तान के लिए शाहीन शाह अफरीदी ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। मोहम्मद नवाज और उस्मान तारिक ने दो-दो विकेट लिए।

 

यह भी पढ़ें: रणजी ट्रॉफी 2026: कर्नाटक बनाम J-K का फाइनल मुकाबला फ्री में कहां देखें?

पाकिस्तान सेमीफाइनल सिनेरियो

इंग्लैंड सुपर 8 के ग्रुप 2 के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। अभी इंग्लैंड का एक मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ बचा है जो 27 फरवरी को खेला जाना है। न्यूजीलैंड एक पॉइंट के साथ दूसरे नंबर पर है। न्यूजीलैंड के अभी दो मैच बाकी हैं। पाकिस्तान दो मैच खेलकर एक पॉइंट के साथ तीसरे नंबर पर है। पाकिस्तान का एक मैच श्रीलंका के खिलाफ 28 फरवरी को खेला जाना है। श्रीलंका जीरो पॉइंट के साथ चौथे नंबर पर है। श्रीलंका के भी दो मैच बाकी हैं।

 

अब सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए पाकिस्तान को पहले अपने आखिरी सुपर 8 मैच में श्रीलंका को हराना होगा। इसके अलावा उन्हें दुआ करनी होगी कि न्यूजीलैंड बाकी दोनों मैच हार जाए, जिससे पाकिस्तान की सेमीफाइनल में जगह पक्की हो जाए। अगर न्यूजीलैंड एक मैच जीतता है, तो फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा।