अंडर-19 एशिया कप में भारत ने नेपाल को 10 विकेट से हरा दिया है। 129 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आर्यवीर सहवाग ने 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 70 रनों की पारी खेली। आर्यवीर ने अपने पिता वीरेंद्र सहवाग के नक्शे-कदम पर चलते हुए छक्का लगाकर अपनी फिफ्टी पूरी की।
आर्यवीर के जोड़ीदार और भारतीय टीम के कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने भी नाबाद 53 रनों की पारी खेली। इससे पहले ईशान सूद ने अपने 10 ओवर के स्पेल में सिर्फ 18 रन दिए और 3 नेपाली बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। ईशान सूद ने अपने पहले स्पेल में 6 ओवर में 4 मेडन डाले थे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए ईशान सूद को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी दिया गया। इस जीत के साथ भारत अपने ग्रुप में टॉप पोजिशन पर पहुंच गया है।
ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड में शुक्रवार को अंडर-19 एशिया कप का चौथा मुकाबला खेला गया। इस मैच में भारत के सामने पड़ोसी देश नेपाल की चुनौती थी। भारतीय कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने टॉस जीतकर नेपाल को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। नेपाल की पूरी टीम 42.3 ओवर में 128 रनों पर ऑलआउट हो गई। नेपाल की तरफ से दर्श सोनार ने सबसे अधिक 43 रन बनाए। वहीं, भारत की तरफ से ईशान सूद और अर्जुन राजपूत ने 3-3 विकेट चटकाए।
आर्यवीर की आंधी
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग अपने बेखौफ अंदाज के लिए जाने जाते थे। आर्यवीर, वीरेंद्र सहवाग के बड़े बेटे हैं। आर्यवीर के खेलने के अंदाज में पिता की झलक साफ दिखाई देती है। 129 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को आर्यवीर ने सधी हुई शुरुआत दी।
आर्यवीर की पारी ने कुछ ही देर में रफ्तार पकड़ ली और उन्होंने कई दर्शनीय शॉट खेले। आर्यवीर ने सिर्फ 34 गेंदों में अर्धशतक लगा दिया। जब आर्यवीर 45 रनों पर खेल रहे थे, तब उन्होंने संयम नहीं दिखाया। उन्होंने गेंद को डाउन द विकेट आकर खेला और गेंद सीमा रेखा के पार छह रनों के लिए चली गई। आर्यवीर ने अपनी पारी में कुल 70 रन बनाए, जिसमें 4 बेहतरीन छक्के शामिल थे।
यह भी पढ़ें: 38 के सचिन vs 38 के विराट: मास्टर ब्लास्टर की तुलना में कहां तक पहुंचे कोहली?
पहले स्पेल में डाले 4 मेडन
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाली टीम के सामने ईशान सूद एक पहेली बनकर खड़े थे। ईशान सूद के पहले ही स्पेल में नेपाली बल्लेबाज ऐसे उलझे कि फिर उबर नहीं सके। ईशान सूद का पहला स्पेल 6 ओवर का था। इसमें उन्होंने 4 ओवर मेडन डाले। उन्होंने पारी के तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर प्रसिद्ध जैशी को कैच आउट कराया।
विपक्षी टीम इस झटके से उबर पाती कि पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर तीसरे नंबर पर खेलने आए सूर्यांशु कोइराला को पवेलियन भेज दिया। ईशान को तीसरी सफलता आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर निश्चल छेत्री के रूप में मिली।
ईशान का साथ साथी गेंदबाज अर्जुन राजपूत ने दिया। अर्जुन ने 5.3 ओवर में 8 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। रहा-सहा काम फिरकी गेंदबाज यशवीर गौड़ ने 2 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजकर पूरा कर दिया। भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी नेपाली टीम संघर्ष करती नजर आई।
यह भी पढ़ें: 'उसे उपकप्तान बनाना जल्दबाजी', वैभव को जिम्मेदारी मिलने पर बोले सचिन तेंदुलकर
8 नवंबर को भारत बनाम पाकिस्तान
भारत की अंडर-19 टीम का अगला मुकाबला 8 नवंबर 2026 को पाकिस्तान अंडर-19 टीम से होगा। रविवार को होने वाला यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे ओमान के अल अमेरात में ही खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हमेशा रोमांचक रहता है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करती है।
