विनेश फोगाट ने बृजभूषण शरण सिंह पर फिर से गंभीर आरोप लगाए हैं। विनेश ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण पर आरोप लगाया कि भले ही वह आधिकारिक पद पर नहीं हैं लेकिन फेडरेशन के कामकाज पर उनका प्रभाव अब भी बना हुआ है। ओलंपियन रेसलर विनेश ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कहा कि यूपी के गोंडा में 10 से 12 मई के बीच सीनियर ओपन रैंकिंग रेसलिंग टूर्नामेंट हो रहा है। गोंडा बृजभूषण का गढ़ माना जाता है। उन्होंने चिंता जताई कि यह कम्पटीशन एक प्राइवेट कॉलेज में आयोजित हो रहा है, जिससे निष्पक्ष चयन की संभावना बेहद कम हो जाती है। 

 

विनेश ने आरोप लगाया कि मैचों में रेफरी कौन होगा और किसे कितने अंक मिलेंगे, इन सब पर उनके करीबी लोगों का असर हो सकता है। साथ ही उन्होंने खुलासा किया कि वह भी भी उन 6 महिला खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने बृजभूषण पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।

 

यह भी पढ़ें: KKR के खिलाफ SRH ने चुनी बैटिंग, दोनों टीमों में 2-2 बदलाव

मेरे साथ कुछ गलत हुआ तो सरकार जिम्मेदार - विनेश

विनेश ने कहा कि वह गोंडा में हो रहे कम्पटीशन में उतरेंगी लेकिन उनके साथ कुछ गलत हुआ तो भारत सरकार जिम्मेदार होगी। विनेश ने कहा, 'मैं खुद उन छह पीड़ितों में से एक हूं, जिन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी और जिनकी गवाही अभी चल रही है। मेरा उसके घर (गोंडा) में जाकर कम्पटीशन लड़ना मुश्किल होगा। मुझे नहीं लगता कि मैं अपना सौ फीसदी दे पाऊंगी। एक लड़की के लिए ये काफी मुश्किल होगा।

 

उन्होंने आगे कहा, 'मैं और मेरी टीम कॉम्पिटीशन लड़ेगी, अगर किसी के साथ कुछ गलत होता है तो इसकी जिम्मेदारी भारत सरकार की होगी।' गौरतलब कि 3 साल पहले विनेश, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देकर बृजभूषण पर महिला रेसलर्स के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। विनेश ने रोते हुए कहा था कि बृजभूषण और कोच नेशनल कैंप में महिला रेसलर्स का यौन उत्पीड़न करते हैं। हालांकि बृजभूषण ने इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं। उन्हें एक मामले में राहत भी मिली लेकिन विनेश और अन्य महिला पहलवानों से जुड़े केस में यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोपों पर सुनवाई अब भी जारी है।

 

यह भी पढ़ें: IPL की छवि खराब नहीं होने देंगे... वेपिंग कांड पर नरम नहीं पड़ा BCCI, फंस गई RR

सरकार और खेल मंत्रालय बना मूकदर्शक

विनेश ने गोंडा में रेसलिंग टूर्नामेंट कराए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि कौन रेफरी, किसके मैच में जाएगा। कौन रेफरी कितने पॉइंट देगा, कौन मैच चेयरमैन कहां पर बैठेगा, किसको जितवाना है, किसको हरवाना है। ये सब बृजभूषण और उसके लोगों द्वारा कंट्रोल किया जाएगा। सरकार और हमारा खेल मंत्रालय मूक दर्शक बनकर इस चीज को देख रहा है।

 

उन्होंने आगे कहा कि कोई खिलाड़ियों की मदद के लिए आगे नहीं आ रहा, मानो बृजभूषण को फ्री हैंड दिया हुआ है कि तुम जो मर्जी करो। चाहे तुम महिला पहलवानों के साथ कुछ करो या तुम कुश्ती जगत के साथ कुछ भी करो। हम तुम्हारे साथ में खड़े हैं। सभी मेहनती खिलाड़ियों का वजन सही से चेक किया जाएगा, उनकी मेहनत का असल रिजल्ट मैट पर निकलकर आएगा, ऐसा मुझे नहीं लगता।