ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला हार गई है। उसे रविवार (23 फरवरी) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका ने 76 रन से करारी शिकस्त दी। साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए थे। इसके जवाब में स्टार बल्लेबाजों से सजी भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। इस बड़ी हार के बाद उप-कप्तान अक्षर पटेल को नहीं खिलाने पर भारतीय टीम मैनेजमेंट की जमकर आलोचना हो रही है। 

 

कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर सवालों के घेरे में हैं कि क्यों अक्षर के ऊपर वॉशिंगटन सुंदर को तरजीह दी गई। अक्षर को नीदरलैंड्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में आराम दिया गया था। उनकी जगह वॉशिंगटन खेले थे। 

 

साउथ अफ्रीका के सामने सुपर-8 मुकाबले में अक्षर की वापसी तय मानी जा रही थी लेकिन सूर्या ने टॉस के समय बताया कि टैक्टिकल कारणों से उन्हें प्लेइंग-XI में शामिल नहीं किया गया है। सूर्या-गंभीर का अक्षर की जगह वॉशिंगटन को खिलाने के इस फैसले ने टीम इंडिया की लुटिया डुबो दी।

 

यह भी पढ़ें: बुरी तरह पिट रहे थे वरुण, फिर झटका मिलर का विकेट और तोड़ दिया अर्शदीप का रिकॉर्ड

वॉशिंगटन को खिलाने की क्या थी वजह?

साउथ अफ्रीका के टॉप-3 में क्विंटन डिकॉक और रायन रिकलटन के रूप में दो बाएं हाथ के बल्लेबाज थे, जिन्हें फंसाने के लिए वॉशिंगटन को उतारा गया था लेकिन इसकी जरूरत ही नहीं पड़ी। जसप्रीत बुमराह ने अपने पहले दो ओवर में डिकॉक-रिकलटन को चलता कर दिया। वॉशिंगटन को पावरप्ले के अंदर डेविड मिलर के सामने अटैक पर लगाया जा सकता था लेकिन सूर्या ने उन्हें सातवें ओवर में गेंद थमाई और फिर हटा दिया। इसके बाद वह सीधे 14वें ओवर में आए, तब तक मिलर ने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ मिलकर साउथ अफ्रीका को 20/3 के स्कोर से उबार लिया था। 

 

वॉशिंगटन ने इस मुकाबले में सिर्फ 2 ओवर डाले, जिसमें उन्होंने 17 रन खर्च किए और उनके खाते में कोई विकेट भी नहीं रहा। उनके कोटे के बाकी दो ओवर शिवम दुबे ने डाले, जिसमें साउथ अफ्रीका ने 1 विकेट खोकर 32 रन बटोरे। इस तरह इन 4 ओवरों में 49 रन गए। वॉशिंगटन से 2 ओवर कराना बताता है कि उनकी गेंदबाजी में टीम मैनेजमेंट को भरोसा नहीं था। उन्हें केवल मैच-अप्स के लिए लाया गया था, उसमें भी उनका ठीक से इस्तेमाल नहीं हुआ।

 

यह भी पढ़ें: इंग्लैंड से हारा श्रीलंका, सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए करना होगा यह काम

बल्लेबाजी में भी फ्लॉप रहे वॉशिंगटन

टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 26 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। इस सिचुएशन में वॉशिंगटन को बैटिंग करने के लिए भेजा गया। मगर वह यहां भी फ्लॉप साबित हुए। वह 11 गेंद में 11 रन बनाकर चलते बने। इसके विपरीत अक्षर इस तरह की मुश्किल स्थिति से टीम इंडिया को कई बार उबार चुके हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही पिछले एडिशन के फाइनल में उन्होंने नंबर-5 पर आकर इम्पैक्टफुल पारी खेली थी, जिससे भारतीय टीम शुरुआती झटकों के बाद संभल पाई।

 

प्रोटियाज के खिलाफ इस मुकाबले में अगर अक्षर खेल रहे होते तो शायद ही शिवम दुबे से गेंदबाजी कराने की नौबत आती। इसके अलावा वह टी20 में वॉशिंगटन से ज्यादा विश्वसनीय बल्लेबाज हैं। मगर मैच-अप्स के चक्कर में गंभीर-सूर्या ने उनकी बलि दे दी और टीम इंडिया को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी। अब सेमीफाइनल की राह भी मुश्किल हो गई है।