बीते कुछ साल में चेस में तेजी से उभर रहे भारत ने एक और कामयाबी हासिल कर ली है। अनुज श्रीवती की जीत के बाद उन्हें ग्रैंड मास्टर का टाइटल मिला है और अब वह भारत के 100वें ग्रैंड मास्टर बन गए। फिलीपींस में आयोजित 7वीं ASEAN+ इंडिविजुअल चेस चैंपियनशिप 2026 जीतने के साथ ही 22 साल के अनुज श्रीवत्री भारतीय चेस के दिग्गज खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। वह मध्य प्रदेश से आने वाले पहले ग्रैंड मास्टर भी बने हैं। 1987 में विश्वनाथन आनंद भारत के पहले ग्रैंड मास्टर बने थे और 39 साल में ग्रैंड मास्टर की संख्या 100 हो गई है। 

 

1987 में विश्वनाथन आनंद ने तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित शक्ति फाइनेंस इंटरनेशनल चेस टूर्नामेंट जीतकर भारत का पहला ग्रैंड मास्टर बनने का खिताब हासिल किया था। इसी साल जुलाई में वी एस रतनवेल ने गुवाहाटी स्मार्ट सिटी इंटरनेशनल ओपन 2026 के दौरान 99वां ग्रैंड मास्टर बनने का खिताब हासिल किया था। 5 महीने में ही भारत को 100वां ग्रैंड मास्टर भी मिल गया है। भारत के लिए यह साल बेहतरीन रहा है क्योंकि इसी साल भारत को कुल 9 ग्रैंड मास्टर मिल चुके हैं।  

 

यह भी पढ़ें: 'क्लिकबेट मीडिया के झांसे में न आएं', सैंडपेपर कांड पर उस्मान ख्वाजा की सफाई

100 ग्रैंड मास्टर पूरे, 200 की तैयारी

इस मौके पर ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) के अध्यक्ष नितिन नारंग ने X पर लिखा है, 'भारत को ग्रैंड मास्टर नंबर 100 मिल गया। भारत ने एक शानदार उपलब्धि हासिल कर ली है क्योंकि अनुज श्रीवत्री ने फिलीपींस की ओजैमिज सिटी में आयोजित 7वीं ASEAN+ इंडिविजुअल चेस चैंपियनशिप 2026 जीत ली है और ग्रैंड मास्टर टाइटल हासिल किया है। बधाई हो अनुज! भारतीय चेस के लिए यह गर्व का मौका है। 200 ग्रैंड मास्टर की ओर बढ़ रहे हैं।'

क्या है अनुज श्रीवत्री की कहानी?

मध्य प्रदेश से आने वाले अनुज श्रीवत्री सिर्फ 22 साल के हैं। 2020 में इंटरनेशल मास्टर बने अनुज तब मध्य प्रदेश के सबसे युवा इंटरनेशनल मास्टर बने थे। 6 साल में उन्होंने ग्रैंड मास्टर का खिताब भी हासिल कर लिया है। अनुज ने अपने पिता के कहने पर शतरंज खेलना शुरू किया था। उनके पिता भी यूनिवर्सिटी के दिनों में चेस खेलते थे। 

 

यह भी पढ़ें: 'सफेद जर्सी छोड़ रहा हूं', टेस्ट क्रिकेट से शमी ने लिया संन्यास, कैसा रहा करियर?

 

अनुज ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया है। उन्होंने खेल के साथ-साथ अच्छी पढ़ाई की है। मशीन लर्निंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट सीखने के बाद अनुज ने एक साल तक एक जर्मन कंपनी में इंटर्नशिप भी की है। 

कैसे बनते हैं ग्रैंड मास्टर?

चेस के खेल में ग्रैंड मास्टर सबसे ऊंचा खिताब माना जाता है। इंटरनेशनल चेस फेडरेशन (FIDE) की ओर से दिए जाने वाले इस खिताब को हासिल करने के लिए हर खिलाड़ी को कुछ अहम पड़ाव पार करने होते हैं। बता दें कि नए खिलाड़ी जब खेलना शुरू करते हैं और FIDE रेटिंग 2200 को पार कर लेते हैं तो उन्हें कैंडिडे मास्टर कहा जाता है। रेटिंग 2300 होने पर FIDE मास्टर, रेटिंग 2400 और 3 IM नॉर्म्स होने पर इंटरनेशनल मास्टर और फिर 2500 रेटिंग औ 3 GM नॉर्म्स हासिल करने के पास ग्रैंड मास्टर का टाइटल मिलता है।

 

यह भी पढ़ें: 'उसे उपकप्तान बनाना जल्दबाजी', वैभव को जिम्मेदारी मिलने पर बोले सचिन तेंदुलकर

 

GM नॉर्म्स हासिल करने की शर्तें काफी कठिन मानी जाती हैं। इसके लिए किसी खिलाड़ी को ऐसे टूर्नामेंट में खेलना होता है जिसमें उसे कम से कम 9 मैच खेलने हों। इस टूर्नामेंट में उसे टूर्नामेंट परफार्मेंस रेटिंग (TPR) कम से कम 2600 हासिल करनी होती है। साथ ही, इसकी एक शर्त यह है कि इस टूर्नामेंट में कम से कम 33 प्रतिशत खिलाड़ी ऐसे हों जो ग्रैंड मास्टर टाइटल हासिल कर चुके हों। साथ ही, कम से कम 3 अलग फेडरेशन के खिलाड़ी खेल रहे हों।

 

इन सभी चुनौतियों को पार करते हुए जब कोई खिलाड़ी 3 GM नॉर्म्स के साथ 2500 की FIDE रेटिंग को पार कर लेता है तो वह ग्रैंड मास्टर टाइटल का हकदार हो जाता है। बता दें कि दुनियाभर में अभी तक 2 हजार से भी ज्यादा खिलाड़ी ग्रैंड मास्टर का खिताब हासिल कर चुके हैं। ग्रैंड मास्टर की संख्या के मामले में भारत अब चौथे स्थान पर है। रूस, अमेरिका और जर्मनी भारत से भी आगे हैं।