उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2026 का रोमांच जारी है। UP की इस लीग के चौथे एडिशन में सोमवार (24 अगस्त) तक 18 मुकाबले हो चुके हैं। लीग स्टेज के 12 मुकाबले बचे हुए हैं। रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावेरिक्स 6 में से 6 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर काबिज है। नोएडा सुपर किंग्स दूसरे स्थान पर आ गई है। लखनऊ फाल्कन्स की टीम ने भी लगातार दो जीत के साथ तीसरे पायदान पर। इस टीम की कप्तानी भुवनेश्वर कुमार कर रहे हैं।

 

काशी रुद्रास चौथे स्थान पर है। नोएडा सुपर किंग्स, लखनऊ फाल्कन्स और काशी रुद्रास ने 6-6 मैच खेले हैं और उनके पास एक समान 6-6 पॉइंट्स हैं। नेट रन रेट के आधार पर ये टीमें टेबल में ऊपर-नीचे हैं। इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) स्टार समीर रिजवी की कानपुर सुपरस्टार्स संघर्ष कर रही है। कानपुर सुपरस्टार्स को 5 मैचों में सिर्फ 1 ही जीत मिली है और वह पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है। 

 

यह भी पढ़ें: 'जय जवान, जय किसान...' ध्रुव जुरेल ने कोलंबो में शतक ठोक दिखाया टैटू

कौन-कौन से खिलाड़ी चमक रहे हैं?

UP टी20 लीग में नाम बनाने के बाद IPL में जगह बनाने वाले स्वास्तिक चिकारा का इस बार भी बल्ला बोल रहा है। मेरठ मावेरिक्स के इस विस्फोटक ओपनर ने 6 पारियों में 182.31 के बेजोड़ स्ट्राइक रेट से 237 रन ठोक दिए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। उनके बल्ले से 25 चौके और 14 छक्के निकल चुके हैं। 

 

चिकारा को IPL 2025 के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ( RCB ) ने 30 लाख रुपये में खरीदा था। उस सीजन उन्हें कोई मैच खेलने का मौका तो नहीं मिला लेकिन उन्होंने विराट कोहली जैसे दिग्गज के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर किया, जो अब तक के उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि है। चिकारा IPL 2026 ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे। UP टी20 लीग में इस बार वह जैसा प्रदर्शन कर रहे हैं, उसे देखते हुए फिर से उन पर आगामी IPL ऑक्शन में बड़ी बोली लग सकती है। 

 

मेरठ मावेरिक्स के लिए खेल रहे लेग स्पिनर जीशान अंसारी भी कहर बरपा रहे हैं। जीशान ने 6 मैचों में ही 14 विकेट झटक लिए हैं। वह पिछले IPL सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम का हिस्सा थे। उन्हें रिटेन किए जाने की उम्मीद है। तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह भी UP टी20 लीग में अपने प्रदर्शन के बूते RCB की टीम में अपनी जगह बचा सकते हैं। RCB के साथी भुवनेश्वर की कप्तानी में खेल रहे अभिनंदन ने 6 मैचों में 13 विकेट चटकाए हैं। वह सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में जीशान के बाद दूसरे स्थान पर हैं।

 

यह भी पढ़ें: लड़ाई की सजा जुर्माना... यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो पर ICC ने लिया ऐक्शन

नमन तिवारी को रिटेन करेगी LSG?

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नमन तिवारी को पिछले ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने 1 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि इस युवा पेसर को IPL 2026 में कोई मैच खेलने को मौका नहीं मिला। नमन यूपी टी20 लीग के मौजूदा एडिशन में बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं। वह 5 मैचों में 10 विकेट ले चुके हैं। इनमें से 6 विकेट उन्होंने एक ही मैच में हासिल किए। नमन ने सोमवार को गोरखपुर लायंस के खिलाफ 3.5 ओवर में 13 रन इतने विकेट अपनी झोली में डाले। अब देखना होगा कि उन्हें LSG आगामी सीजन के लिए रिटेन करती या नहीं। 

 

ये हो गई IPL कॉन्ट्रैक्ट हासिल कर चुके खिलाड़ियों की बात... अब एक नजर उन अनजान खिलाड़ियों पर, जो यूपी टी20 लीग 2026 में जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे हैं, क्या उनके लिए दुनिया की सबसे बड़ी और महंगी लीग के दरवाजे खुलेंगे?

 

यह भी पढ़ें: नम आंखें, हताशा... महिला हॉकी वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद भारतीय खेमे का हाल

इन खिलाड़ियों की चमकेगी किस्मत?

यूपी टी20 लीग में मोहम्मद सैफ, साहब युवराज सिंह और अजीत वर्मा भी रनों का अंबार लगा रहे हैं। ये तीनों खिलाड़ी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप-5 में शामिल हैं। सैफ ने 6 पारियों में 140 के स्ट्राइक रेट से 203 रन बनाए हैं। साहब युवराज सिंह ने 5 पारियों में 194 रन जड़ दिए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 145.86 का है। अजीत वर्मा ने 120.26 के स्ट्राइक रेट से 184 रन बनाए हैं। इन तीनों बल्लेबाजों ने गजब की निरंतरता दिखाई है लेकिन उनका स्ट्राइक रेट उतना ज्यादा नहीं है, जो IPL फ्रेंचाइजियों का ध्यान खींच सके।

 

गेंदबाजी में वासु वत्स और अटल बिहारी राय कमाल कर रहे हैं। वासु ने 7 मैचों में 8.94 की इकॉनमी से 10 विकेट चटकाए हैं। वहीं अटल बिहारी राय ने 6 मैचों में 9 विकेट झटके हैं। हालांकि वह किफायती नहीं रहे हैं। उन्होंने 11.72 की इकॉनमी से रन लुटाए हैं। इन दोनों गेंदबाजों की इकॉनमी उनके आड़े आ सकती है। यश गर्ग IPL फ्रेंचाइजियों के राडार पर आ सकते हैं। इस युवा लेफ्ट आर्म स्पिनर ने भले ही 6 मैचों में 7 विकेट चटकाए हैं लेकिन उनकी इकॉनमी बेहतरीन है। वह प्रति ओवर सिर्फ 5.88 रन ही खर्च रहे हैं।