वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में भारत एथलीट्स ने धमाल मचा दिया है। अमेरिका में चल रही इस प्रतियोगिता के चौथे दिन (8 अगस्त) बसंत कुमार मेघवाल ने हाई जम्प में सिल्वर मेडल जीता, तो शाहनवाज खान ने लॉन्ग जम्प में ब्रॉन्ज अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत के मेडल की संख्या 3 पहुंच गई है। बसंत और शाहनवाज अंडर-20 वर्ल्ड चैंपियनशिप में हाई जम्प और लॉन्ग जम्प में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।

बसंत का बेस्ट प्रदर्शन

राजस्थान के श्री गंगानगर जिले के सीमावर्ती शहर अनूपगढ़ के रहने वाले 19 साल के बसंत ने शनिवार को 2.21 मीटर का जम्प लगाकर अपना बेस्ट प्रदर्शन किया और सिल्वर पर कब्जा जमाया। अल्जीरिया के यूनेस अयाची ने गोल्ड, जबकि ग्रेट ब्रिटेन के ओटिस पूल ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। तीनों मेडलिस्ट सिर्फ 2.21 मीटर की ऊंचाई तक जम्प लगा सके और 2.24 मीटर की ऊंचाई पार करने में असफल रहे। 

 

यह भी पढ़ें: WTC 2025-26 में भारत के 9 टेस्ट बाकी, फाइनल में पहुंचने के लिए क्या करना होगा?

 

ऐसी स्थिति में पिछली ऊंचाई को पार करने के प्रयासों की संख्या के आधार पर स्थानों का निर्धारण किया गया। अयाची ने अपने पहले प्रयास में ही 2.21 मीटर की ऊंचाई पार कर ली थी, जबकि बसंत और ओटिस पूल ने क्रमशः अपने दूसरे और तीसरे प्रयास में यह ऊंचाई हासिल की थी।

 

यह भी पढ़ें: अश्मिता चालिहा ने जीता कोरिया मास्टर्स का खिताब, फाइनल में चीनी शटलर को हराया

 

भारतीय नौसेना में कार्यरत बंसत का इससे पहले बेस्ट प्रदर्शन 2.11 मीटर था। उन्होंने भारतीय महिला हाई जम्प की पूर्व नेशनल रिकॉर्ड होल्डर सहाना कुमारी से प्रशिक्षण लेने के बाद इस सीजन में अपने प्रदर्शन में 10 सेंटीमीटर का सुधार किया है।

शाहनवाज को तीसरे प्रयास ने दिलाया ब्रॉन्ज

बसंत के बाद शाहनवाज ने मेंस लॉन्ग जम्प में 7.84 मीटर के बेस्ट प्रयास के साथ ब्रॉन्ज जीता। इस 18 साल के खिलाड़ी ने अपने तीसरे प्रयास में बेस्ट छलांग लगाई। उन्होंने क्रमश: 7.67 मीटर, 7.72 मीटर, 7.84 मीटर, 7.52 मीटर, 7.83 मीटर और 5.37 मीटर छलांग लगाई। फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय आरसी जिथिन अर्जुनान ने अपने पहले और चौथे प्रयास में 7.59 मीटर की बेस्ट छलांग लगाकर आठवां स्थान हासिल किया। इटली के डेनियल इन्जोली ने 7.97 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता, जबकि ऑस्ट्रेलिया के मेसन मैकग्रोडर ने 7.96 मीटर के अपने व्यक्तिगत बेस्ट प्रदर्शन के साथ सिल्वर हासिल किया।