स्विट्जरलैंड के कोलोन्य में चल रहे वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप 2026 में गुकेश ने धमाल मचाया है। मंगलवार को मुकाबले का पहला गेम ड्रॉ रहा। इस गेम के चैंपियन रहे डी. गुकेश ने काले मोहरों से खेलकर उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के विजय अभियान को रोक दिया। मैच ड्रॉ रहा। दोनों खिलाड़ी 20 साल के हैं। यह 14 गेम का मैच है। दोनों को आधा-आधा अंक मिला। 
 
गेम बर्लिन एंडगेम ओपनिंग में खेला गया। शुरुआती खेल में ही दोनों के वजीर कट गए। यह रक्षात्मक ओपनिंग मानी जाती है पर गुकेश इसे कम खेलते हैं। सिंदारोव ने 13वीं चाल पर बढ़त लेने की कोशिश की लेकिन गुकेश की सधी रणनीति काम आई और आगे नहीं बढ़ पाए। 

यह भी पढ़ें: वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप: खराब फॉर्म में हैं गुकेश, सामने सिंदारोव की कठिन चुनौती

पूरे मुकाबले में डिफेंसिव रहे सिंदारोव

सिंदारोव ने ओपनिंग तेजी से खेली और घड़ी पर बढ़त बना ली। 17वीं चाल तक गुकेश की घड़ी में 29 मिनट 51 सेकंड बचे थे। सिंदारोव के पास एक घंटा 18 मिनट से ज्यादा समय था। पहली 40 चालों तक अतिरिक्त समय नहीं मिलता, इसलिए गुकेश पर समय का दबाव साफ दिख रहा था।

 

डच ग्रैंडमास्टर अनीश गिरी ने कहा कि सफेद मोहरे के पास बहुत पहल थी। उनके मुताबिक काले मोहरे के लिए स्थिति काफी खतरनाक थी। गुकेश का एक हाथी (रूक) कोने में फंसा रह गया और खेल में काम नहीं आ सका। वहीं, सिंदारोव के मोहरे लगातार आगे बढ़कर दबाव बना रहे थे।

वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप में डी गुकेश।

हर चाल पर मिली कांटे की टक्कर

गुकेश ने 17वीं और 18वीं चाल में अपने ऊंट (बिशप) और प्यादे से मजबूत घेराबंदी कर ली। इससे सफेद मोहरों का हमला थम गया। हालांकि, सिंदारोव अब भी थोड़ी बेहतर स्थिति में थे और उनके पास धीरे-धीरे दबाव बनाने का मौका था। 24वीं चाल में उन्होंने जल्दबाजी दिखाते हुए एक प्यादा आगे बढ़ा दिया। इसके बाद दोनों तरफ के मोहरों की तेजी से अदला-बदली हुई और गुकेश को दबाव से बाहर निकलने का रास्ता मिल गया।

ऐसे ड्रॉ हुआ मुकाबला

गुकेश ने एक प्यादा देकर अपने राजा को आगे निकाला और फंसे हुए रूक को खेल में लाए। गिरी के मुताबिक जैसे ही राजा ऊपर आया और दोनों हाथी जुड़े, ओपनिंग की मुश्किल खत्म हो गई। बाद में सिंदारोव को भी एक चाल बहुत सावधानी से खेलनी पड़ी, जिससे वह जाल में न फंसें। अंत में उन्होंने एक ही चाल तीन बार दोहराकर गेम ड्रॉ कराया। दोनों खिलाड़ियों ने 38 चालों में कोई बड़ी गलती नहीं की।

यह भी पढ़ें: 17 करोड़ के नकली नोट मामले में NIA की कार्रवाई, 2 लोग गिरफ्तार

गुकेश ने मैच के बाद क्या कहा? 

गुकेश ने गेम के बाद कहा कि उन्हें लगा कि वह नियंत्रण में थे, या कम से कम ऐसी जगह नहीं थे जहां चिंता की जरूरत हो। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि वह कुछ समय खर्च करके ओपनिंग की समस्याओं का अच्छा हल निकाल सके।

नितिन नारंग ने क्या कहा?

चेस फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नितिन नारंग ने कहा, ''गुकेश के वर्ल्ड चैंपियनशिप खिताब के बचाव की एक शांत और सकारात्मक शुरुआत। काले मोहरों से खेलते हुए, वर्ल्ड चैंपियन ने चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ ड्रॉ के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। एक ठोस शुरुआत। मुकाबला शुरू हो चुका है, गुकी।'

 

 

लोगों ने क्या कहा?

भारतीय ग्रैंडमास्टरों ने गेम की तारीफ की। श्रीनाथ नारायणन ने इसे विश्व चैंपियनशिप के लायक खेल बताया। आर. प्रज्ञानानंद ने लिखा कि दोनों ने शानदार खेल दिखाया और गुकेश ने दबाव में अच्छी चालें चलीं। विदित गुजराती ने कहा कि सिंदारोव नया ओपनिंग आइडिया लेकर आए पर गुकेश ने सही चालें खोजीं। उन्होंने यह भी कहा कि एक समय गुकेश के पास समय बहुत कम था।

गुकेश ने मेंटल गेम में बाजी मार ली

फिडे के प्रसारण में कमेंटेटर ग्रैंडमास्टर पीटर लेको ने कहा कि मनोवैज्ञानिक रूप से गुकेश इस गेम के विजेता हैं। उनके मुताबिक गुकेश दबाव में आए पर सभी मुश्किलें पार कर गए। लेको ने कहा कि गुकेश के लिए यह हौसला बढ़ाने वाली बात है। अगले गेम में गुकेश सफेद मोहरों से खेलेंगे।