महाराष्ट्र के लातूर जिले में रेनापुर तहसील से कॉपर वायर चोरी के आरोप में तीन नाबालिगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इन नाबालिग बच्चों को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने पिटाई करने वाले 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, वहीं चोरी का आरोप में नाबालिगों पर भी अलग से मामला दर्ज किया गया है।
यह मामला महाराष्ट्र के लातूर जिले की रेनापुर तहसील के खरौला गांव का है। नाबालिगों में से एक की शिकायत पर मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, गांव में किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या से बचने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर केस में मां-पिता ने न्यायिक आयोग के सामने दर्ज कराई गवाही
जांच के बाद FIR में जुड़े 6 और नाम
इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, बताया जा रहा है कि घटना के दौरान तीनों नाबालिगों की कथित तौर पर खंभे से बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। शुरुआत में पिटाई करने वाले दो लोगों सचिन राउतराव (40) और नितिन गोविंद शिंदे (38) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। बाद में FIR में छह और लोगों के नाम जोड़ा गया। आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस ने साफ कहा है कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। इस पूरे मामले में नाबालिगों में से एक की शिकायत पर मारपीट का केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा, गांव में किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या से बचने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 3 शूटर गिरफ्तार, टारगेट किलिंग की थी तैयारी
अफवाह फैलाने वालों को सख्त चेतावनी
साथ ही पुलिस ने बताया कि इस घटना से जुड़े वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि इस मामले को लेकर अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी साझा करने या सामाजिक तनाव पैदा करने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
