लखनऊ की किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में रैगिंग के मामले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। विश्वविद्यालय ने यह कदम फर्स्ट ईयर के छात्रों से कथित रैगिंग का वीडियो वायरल होने के बाद उठाया है। पूरे मामले की एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच की थी। कमेटी की सिफारिश पर यूनिवर्सिटी ने 38 मेडिकल छात्रों को तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया है।
सस्पेंड हुए छात्रों में 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के 2 छात्र शामिल हैं। सभी आरोपी छात्रों को तीन महीने तक क्लास और हॉस्टल से बाहर रखा जाएगा। इसके अलावा हर छात्र पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यहां तक कि उनकी एक साल की स्कॉलरशिप भी रोक दी गई है।
16 नवंबर को वायरल हुआ था वीडियो
यह मामला 16 नवंबर का है। उस दिन दोपहर करीब 1:30 बजे कैंपस के कलाम सेंटर के पास एक वीडियो रिकॉर्ड किया गया था। इसमें फर्स्ट ईयर के एमबीबीएस छात्र सफेद एप्रन पहने नजर आए थे। वे हाथ पीछे बांधकर और सिर झुकाकर कतार में चल रहे थे। वहां से गुजरने वाले सीनियर्स को वे एक साथ 'प्रणाम महोदय जी' और 'प्रणाम मैडम जी' कह रहे थे।
वीडियो में कुछ सीनियर छात्र जूनियरों को निर्देश देते भी दिखाई दिए। वहीं, आसपास मौजूद कुछ सुरक्षाकर्मी मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। जांच कमेटी ने पाया कि 2026 बैच के दो जूनियर छात्र भी इस रैगिंग में सीनियर्स की मदद कर रहे थे। इसलिए उन्हें भी दोषी मानते हुए कार्रवाई की गई है।
क्या बोले KGMU प्रवक्ता डॉ. केके सिंह?
इस मामले में KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा कि जूनियर छात्रों को डराने या उनका अपमान करने की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी के साथ उन्होंने कहा कि ऐसी हरकत करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने छात्रों से अपील कि की रैगिंग से जुड़ी कोई भी घटना होने पर तुरंत एंटी रैगिंग कमेटी को इसकी जानकारी दें।
यह भी पढ़ें: अब यूपी में भी रोबोट करेगा मुश्किल सर्जरी? जानें कहां मिल रही ये सुविधा
NMC ने 24 घंटे में मांगी थी रिपोर्ट
बता दें कि मेडिकल छात्रों और रेजिडेंट डॉक्टरों के संगठन यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट (UDF) ने इस मामले की शिकायत की थी। इसके बाद नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के एंटी रैगिंग सेल ने मामले का संज्ञान लिया था। आयोग ने KGMU के कुलपति और डीन से 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा था। इसके साथ ही शुरुआती कार्रवाई की रिपोर्ट भी देने को कहा था। NMC ने साफ कहा था कि किसी भी तरह के अपमान या दबाव को कैंपस कल्चर का नाम देकर सही नहीं ठहराया जा सकता।
आयोग ने यूनिवर्सिटी को सभी CCTV फुटेज सुरक्षित रखने और निष्पक्ष जांच करने के निर्देश भी दिए थे। UDF के अध्यक्ष डॉ. लक्ष्य मित्तल ने इस मामले में साल 2018 की एक घटना का भी जिक्र किया था। उस समय KGMU में सलाम को लेकर विवाद हुआ था। आरोप था कि करीब 350 छात्रों पर जुर्माना लगाया गया था और कुछ छात्रों को बाल कटवाने के मामले में सस्पेंड किया गया था।
