बिहार के भोजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां मंचूरियन खाना एक परिवार को भारी पड़ गया। हसनबाजार थाना क्षेत्र में फास्ट फूड दुकान से मंचूरियन खरीदकर खाने से एक ही परिवार के चार लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से एक 6 वर्षीय बच्ची की जान चली गई। मृत बच्ची की पहचान काव्या कुमारी (6) के रूप में हुई है। वहीं बीमार लोगों में चंदवती देवी (70), बिट्टू कुमार (11) और रोहित कुमार (10) शामिल हैं। सभी का इलाज चल रहा है।

 

बताया जाता है कि घटना बंगला गांव के बगीचा के समीप बाजार की है। कुंदन कुमार गुप्ता का परिवार हसनबाजार स्थित एक फास्ट फूड दुकान से मंचूरियन खरीदकर घर गया था। घर पर सभी ने मिलकर मंचूरियन खाया।

 

यह भी पढ़ें: सासाराम में 12 साल पहले मरी महिला जिंदा मिली, हत्या के केस में जेल गया था परिवार

 

खाने के कुछ देर बाद ही परिवार के सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। सभी को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। आनन-फानन परिजनों ने सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां से सभी को आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

 

इलाज के दौरान 6 वर्षीय काव्या कुमारी ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं अन्य तीन सदस्यों का इलाज चल रहा है।

फास्ट फूड की गुणवत्ता पर उठे सवाल

इस घटना के बाद फास्ट फूड की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हसनबाजार में कई फास्ट फूड की दुकानें बिना लाइसेंस के चल रही हैं। इन दुकानों पर साफ-सफाई का भी ध्यान नहीं रखा जाता है।

 

मंचूरियन और अन्य फास्ट फूड बनाने में खराब तेल, एक्सपायरी सॉस आदि का धड़ल्ले से इस्तेमाल होता है। प्रशासन की ओर से इन दुकानों की कभी जांच भी नहीं की जाती है, जिसके कारण दुकानदार बेखौफ होकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हैं। 

 

यह भी पढ़ें: जवानी में छेड़ी लड़की, पुलिस ने 40 साल बाद बुढापे में किया गिरफ्तार

 

ग्रामीणों ने बताया कि बंगला गांव के बगीचा के समीप बाजार में कई ऐसी दुकानें हैं, जहां शाम होते ही युवाओं की भीड़ लगती है। कम कीमत में मिलने वाले ये फास्ट फूड बच्चों को काफी पसंद आते हैं, लेकिन इसकी गुणवत्ता क्या है, इस पर कोई ध्यान नहीं देता।

मौत के बाद जांच में जुटा प्रशासन

घटना की जानकारी मिलने के बाद हसनबाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने फास्ट फूड दुकानदार की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन घटना के बाद से दुकानदार फरार बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि बच्ची की मौत का वास्तविक कारण मेडिकल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को भी इसकी सूचना दे दी है।