मोहब्बत में लोग क्या नहीं कर गुजरते हैं। कुछ लोग हद भी पार कर जाते हैं। एक ऐसा ही मामला हरियाणा के गुरुग्राम से सामने आया है। यहां एक 29 वर्षीय युवक ने एक कंपनी को ईमेल भेजा। इसमें उसने बम की धमकी दी। पुलिस जांच में मामला फर्जी निकला। पुलिस जब आरोपी तक पहुंची तो उसके खुलासे से सभी हैरत में पड़ गए। दरअसल, युवक ने बम की धमकी इसलिए दी थी, ताकि उसकी पूर्व प्रेमिका का इंटरव्यू टल जाए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक युवक ने गोल्फ कोर्स रोड स्थित डीएलएफ टू होराइजन सेंटर की एक कंपनी को फर्जी ईमेल से बम की धमकी भेजी। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक कानूनी फर्म में काम करता है। वह पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता का रहने वाला है। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) विकास कौशिक के मुताबिक कंपनी को व्यावसायिक परिसर को उड़ाने की धमकी देने वाला ईमेल सुबह करीब 9:15 बजे मिला था।
यह भी पढ़ें: क्यों अहम है कनाडाई PM की भारत यात्रा, किन-किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
इमारत खाली कराकर ली गई तलाशी
एसीपी ने आगे बताया कि सूचना मिलते ही डॉग स्क्वाड, बम डिटेक्शन टीम, पुलिस, दमकल और हरियाणा आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमों को मौके पर भेजा गया। इमारत को खाली कराकर तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला। इसके बाद कंपनी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। साइबर टीम ईमेल का पता लगाने के बाद आरोपी तक पहुंची। पुलिस ने आरोपी को गुरुग्राम के सेक्टर 31 से पकड़ा है। उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। अभी तक उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
क्या था युवक का इरादा
डीएलएफ टू होराइजन सेंटर की कंपनी में युवक की पूर्व प्रेमिका का इंटरव्यू था। वह उसके इंटरव्यू को टालना चाहता था। इस वजह से कंपनी को बम धमाके की धमकी भेजी। उसका लगा कि धमकी के बाद इमारत को खाली कर दिया जाएगा और दहशत फैल जाएगी। इससे पूर्व प्रेमिका का इंटरव्यू टल जाएगा। उसे यह भी उम्मीद थी कि इंटरव्यू टालने के बाद पूर्व प्रेमिका उससे मदद मांगेगी। यही से रिश्ते को दोबारा शुरू करने का मौका मिल जाएगा।
यह भी पढ़ें: क्यों अहम है कनाडाई PM की भारत यात्रा, किन-किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
आरोपी ने बताया कि करीब डेढ़ साल तक दोनों का रिश्ता चला। इसके बाद दूरी आ गई। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) विकास कौशिक ने बताया कि उसका मानना था कि अगर इंटरव्यू नहीं हुआ तो युवती मदद मांगने उसके पास आएगी और इसी बहाने रिश्ता दोबारा बेहतर बन सकता है।
