भारतीय जनता पार्टी की चंडीगढ़ यूनिट के प्रधान जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कुछ दिन पहले पंजाब यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में किसी संदर्भ में कहा था कि पंजाबी 'इमोशनल ब्लडी फूल' होते हैं। उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। आम आदमी पार्टी से लेकर कांग्रेस पार्टी तक तमाम राजनीतिक दल बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन करने में जुटी हुई हैं। इसके साथ ही बीजेपी के अंदर भी जितेंद्र पाल मल्होत्रा के खिलाफ आवाज उठने लगी है।
आम आदमी पार्टी ने जितेंद्र पाल मल्होत्रा पर पंजाबियों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग की है। इसके साथ ही पार्टी ने 24 घंटे का समय दिया था और यह समय खत्म होने के बाद अब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता चंडीगढ़ में बीजेपी ऑफिस का घेराव करने पहुंचे।
यह भी पढ़ें: 'जिन बच्चों ने जान गंवाई, उनके परिवार को मिले 1 करोड़ रुपये',- अभिजीत दीपके
कांग्रेस ने खोला मोर्चा
पंजाब विधानसभा में मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भी पंजाब के सभी जिलों में बीजेपी नेता के इस बयान के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, राज्यव्यापी प्रदर्शन के दौरान सभी जिला कांग्रेस कमेटियों के नेतृत्व में पार्टी के सीनियर नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।
चंडीगढ़ में प्रदर्शन
बीजेपी अध्यक्ष के इस बयान के बाद अब आम आदमी पार्टी ने बीजेपी को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चंडीगढ़ में और पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में जमकर प्रदर्शन किया। बीजेपी अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के पुतले भी जलाए गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें पद से हटाने की मांग की। पार्टी नेताओं का कहना है कि पंजाबियों के मान-सम्मान और स्वाभिमान पर किसी भी तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें: 'मुझे फांसी दे दो...', डॉक्टर ने हाउस हेल्प को बैट से मारा, गला रेतकर ली जान
जितेंद्र पाल ने दी सफाई
यह विवाद बढ़ने के बाद जितेंद्र पाल ने सफाई भी दी है। उन्होंने कहा कि उनके बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया है। उन्होंने बताया कि यह बयान करीब 17 दिन पुराना है और एक खेल प्रतियोगिता के आयोजन के दौरान दिया गया था। जितेंद्र पाल मल्होत्रा का कहना है कि उनके बयान को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश किया गया, जिससे यह संदेश दिया गया कि उन्होंने पंजाबियों या ग्रामीण समाज के खिलाफ टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक फायदे के लिए उनके वीडियो को अधूरा दिखाया जा रहा है।


