हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-85 में 'द लीफ' सोसायटी में 4 नवंबर की दोपहर में एक लड़के की मौत की खबर सामने आई। वहां सोसायटी के टावर-8 की 11वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर एक 28 साल के लड़के असीम खांची की जान चली गई। हादसे के तुरंत बाद सोसायटी के निवासियों और गार्ड्स की मदद से उन्हें पास के ही एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता BSF में DIG के पद पर हैं।
शुरुआती दौर में इस घटना को आत्महत्या के एंगल से देखा जा रहा था लेकिन परिवार के बयानों के बाद मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। उन लोगों का कहना है कि दिवाली की लाइट लगाने के समय यह हादसा हुआ है।
यह भी पढ़ें: अवैध नकदी: भारत-नेपाल सीमा पर नकदी का खेल, 44 लाख रुपये के साथ दो गिरफ्तार
जाने क्या पूरा है मामला?
गुरुग्राम में सेक्टर-85 में द लीफ सोसायटी के टावर-8 की 11 वीं मंजिल के फ्लैट नंबर 10B की बालकनी से गिरकर असीम खांची की मौत हो गई। मृतक के पिता सत्यवान सीमा सुरक्षा बल (BSF) में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DIG) के पद पर हैं। वर्तमान में ओडिशा के कोरापुट में तैनात हैं। शुरुआत में पुलिस इस मामले की जांच आत्महत्या के एंगल से कर रही थी। इसके बाद परिवार से पूछताछ के बाद मामले में बड़ा खुलासा हुआ है।
परिजनों के अनुसार, असीम दिवाली की सजावट के लिए बालकनी में लाइटें लगा रहे थे। उसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने की वजह से वह नीचे गिर गए। मृतक असीम खांची B.Sc पास करने के बाद आगे की पढ़ाई के तौर पर सॉफ्टवेयर प्रोग्रामिंग सीख रहे थे। वह गुरुग्राम के इस फ्लैट में अपनी मां के साथ रहते थे। असीम के पिता हादसे की खबर मिलते ही गुरुग्राम पहुंचे।
यह भी पढ़ें: UP में प्राकृतिक आपदाओं में जान गई तो मिलेंगे 8 लाख, फसल मुआवजा भी 25-30% बढ़ा
घटना के संबंध में पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद खेड़की दौला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़ें सभी सबूत जुटाए और फ्लैट को सील कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है। घटना की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा सभी सबूतों के जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
