उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक हत्या का मामला सामने आया है, जहां धाधूपार गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी है क्योंकि उसे शक था कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ अवैध संबंध है। आरोपी व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिस वजह से पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के दौरान घर में आरोपी का बेटा भी मौजूद था। आरोपी व्यक्ति ने पत्नी की हत्या करने के बाद बेटे को भी मारने की कोशिश की लेकिन बेटा घर से भाग निकला। उसके बाद आरोपी शख्स घर में पत्नी के शव के साथ बैठा रहा और इस मामले के बारे में पुलिस को फोन कर बताया।
यह घटना बीते मंगलवार 3 मार्च की है। रात के करीब 1 से डेढ़ बजे के बीच यह हत्या हुई। आरोपी शख्स का नाम अशोक निषाद है, जो पहले मुंबई में कारपेंटर का काम करता था। पिछले 10 साल से वह गांव में रहकर खेती और पशुपालन कर रहा था। अशोक की उम्र 44 साल है। उसकी पत्नी का नाम नीलम देवी है। दोनों की शादी 2006 में हुई थी, यानी दोनों का रिश्ता पिछले 20 साल से बरकरार था लेकिन रिश्ते में शक की वजह से नीलम को जान गंवानी पड़ी। इस कपल के दो बच्चे हैं। एक 17 साल का बेटा और दूसरी 14 साल की बेटी है। इस घटना के दौरान बेटा घर पर ही था। उसने अपनी आंखों से अपनी मां का कत्ल होते हुए देखा, लेकिन वह मां को बचा नहीं पाया।
यह भी पढ़ें: कहां, कैसे और कितने में मिलगी दिल्ली की डबल डेकर बस की टिकट?
आधी रात को हुआ मर्डर
यह घटना रात को 1 से डेढ़ बजे के बीच हुई। पति-पत्नी के बीच अक्सर लड़ाई-झगड़े होते रहते थे लेकिन मंगलवार की रात को अचानक पहले पत्नी नीलम पर कुल्हाड़ी से हमला किया, फिर फावड़े से गला काट दिया। कमरे में चारों तरफ खून फैल गया था। जब इस वारदात को बेटे ने देखा तो वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इसके बाद अशोक फावड़ा लेकर बेटे को मारने के लिए दौड़ा लेकिन बेटा अपनी जान बचाकर भाग निकला। बेटे ने इस पूरी घटना की जानकारी अपने ननिहाल फोन कर दी। इसके बाद ननिहाल के लोग अशोक के घर पहुंचे।
खुद फोन करके कबूला जुर्म
इस घटना के बाद आरोपी अशोक ने खुद पुलिस को फोन किया और अपना जुर्म बताया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो अशोक पत्नी के शव के पास बैठा हुआ था। पुलिस ने अशोक को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: 'गंदी वीडियो दिखाते हैं सर', लखीमपुर में स्कूली बच्चियों के खुलासे से हड़कंप
इस मामले की जांच में पुलिस को अभी तक यही पता चला है कि अशोक को अपनी पत्नी पर शक था कि उसका किसी के साथ अवैध संबंध है। पुलिस अधिकारी जयंत कुमार सिंह ने बताया कि 'आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतका नीलम के पिता की एफआईआर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।'
