राजस्थान के अलवर जिले के माधोगढ़ गांव में एक युवक उस वक्त बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बचा जब उसका सिर 15 लीटर के खाली दूध के डिब्बे में फंस गया। गर्मी से बचने के लिए डिब्बा सिर पर रखा था लेकिन वह इतना टाइट फंस गया कि निकालने में मुश्किल हो गई।
घटना शुक्रवार शाम की है। गांव माधोगढ़ अकबरपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में पड़ता है, जो अलवर शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर है। इस अजीब घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। युवक का नाम कलूराम रायबाड़ी बताया गया है। वह गेहूं बांटने जा रहा था। उसके पास 10 किलो से ज्यादा वजन का खाली 15 लीटर का दूध का डिब्बा था। तेज धूप से बचने के लिए उसने डिब्बा सिर पर रख लिया लेकिन डिब्बा सिर पर इतना कसकर फंस गया कि निकल ही नहीं रहा था।
यह भी पढ़ें: अशोख खरात के करीबी और सहयोगी की पत्नी सहित सड़क दुर्घटना में मौत
दो घंटे तक की कोशिश
कलूराम ने खुद लगभग दो घंटे तक बहुत कोशिश की लेकिन डिब्बा नहीं निकला। डिब्बे का भारी वजन सिर पर पड़ने से उसे दर्द होने लगा और चक्कर आने लगे और उसका स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। तब गांव वाले उसे पास की एक हार्डवेयर दुकान पर ले गए।
दुकानदार ने काटा डिब्बा
दुकानदार पहले तो डर गया। उसने कहा कि सिर और डिब्बे के बीच जगह बहुत कम है, कटाई करना खतरनाक हो सकता है। फिर भी उसने एक छोटी-सी जगह बनाई और सावधानी से ग्राइंडर मशीन से डिब्बे को काटा। धीरे-धीरे डिब्बे को टुकड़ों में काटकर युवक के सिर से निकाला गया।
यह भी पढ़ें: कटिहार में भीषण दुर्घटना, पूर्णिया से भागलपुर जा रही बस की पिकअप से हुई टक्कर
लंबी मेहनत के बाद कलूराम को आखिरकार डिब्बे से आजाद करा लिया गया। अगर देर हो जाती तो उसकी हालत और खराब हो सकती थी। यह घटना देखकर लोग हैरान हैं। वीडियो में दिख रहा है कि कैसे ग्राइंडर की मदद से डिब्बा काटा जा रहा है।
