उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जिला मंत्री अभिनव कौशिक से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग 'तख्त बदल दो, ताज बदल दो, बेईमानों का राज बदल दो' के नारे लगाते सुनाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो में बीजेपी कार्यकर्ता अपनी ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। 

 

आम आदमी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह वीडियो शेयर कर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। AAP ने लिखा कि जो नारा कभी सत्ता बदलने के लिए लगाया जाता था, आज BJP कार्यकर्ता अपनी ही सरकार के खिलाफ लगा रहे हैं। इस वीडियो को विपक्षी दलों के नेता खूब शेयर कर रहे हैं।  

 

यह भी पढ़ें: करीना के पेंडेंट पर क्यों भड़के कांग्रेस नेता? 200 साल पुराने गहने पर मचा बवाल

बीजेपी नेता ने अपनी ही सरकार के खिलाफ लगवाए नारे? 

सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में  बीजेपी नेता अभिनव कौशिक  कथित तौर पर अपनी ही पार्टी की योगी आदित्यनाथ की सरकार के खिलाफ नारेबाजी करवाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो में कुछ लोग 'तख्त बदल दो, ताज बदल दो, बेईमानों का राज बदल दो' के नारे लगाते हुए सुनाई दे रहे हैं। इस वीडियो को आम आदमी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। हालांकि, अभी तक इस वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है।  

आम आदमी पार्टी ने यूपी सरकार पर साधा निशाना

आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर लिखा, 'जो नारा कभी सत्ता बदलने के लिए लगाया जाता था, आज BJP कार्यकर्ता अपनी ही सरकार के खिलाफ लगा रहे हैं। अमरोहा के जिला मंत्री अभिनव कौशिक द्वारा 'बेईमानों का राज बदल दो' के नारे लगवाना इस बात का सीधा सबूत है कि UP में भ्रष्टाचार और तानाशाही से अब BJP के अपने नेता भी आजिज आ चुके हैं।

कौन हैं अभिनव कौशिक? 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी नेता अभिनव कौशिक ने ये नारे लगवाए हैं। अभिनव खुद BJP के जिला मंत्री हैं और इनके भाई अभिषेक कौशिक मुख्यमंत्री के पूर्व OSD रह चुके हैं। इनकी भाभी अनुकृति चौहान, अमरोहा जिले की सैदनगली नगर पालिका की चेयरमैन हैं।