जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता नीरज कुमार पटना स्नातक सीट से विधान परिषद का चुनाव जीत चुके हैं। उन्होंने अनंत सिंह समर्थित प्रत्याशी अनुज सिंह को हरा दिया है। अनुज सिंह के प्रचार के लिए मोकामा विधायक अनंत सिंह खुली जीप में निकले थे। प्रचार के दौरान उन्होंने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार को हराने का दावा किया था। पार्टी से असहमति के चलते उन्होंने पार्टी की बैठक में शामिल होने से भी इनकार कर दिया था। अब नीरज कुमार की जीत के बाद अनंत सिंह ने चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जनता मालिक और भगवान है, जनता ने जिसे वोट दिया, वह जीत गया और जिसे नहीं दिया वह हार गया। उन्होंने नीरज कुमार को बधाई देने से भी इनकार कर दिया और कहा कि पार्टी से उनकी कोई नाराजगी नहीं है।

 

बिहार की 8 विधान परिषद सीटों पर 23 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी। 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती हुई और 28 अक्टूबर की सुबह नतीजे सामने आए। इन 8 सीटों में सबसे ज्यादा चर्चा पटना स्नातक सीट की रही। इसकी वजह जन सुराज के उम्मीदवार के लिए अनंत सिंह का प्रचार था। इसी मामले में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अनंत सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।

नीरज कुमार की जीत पर क्या बोले अनंत सिंह?

चुनाव में हार के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह मीडिया से बातचीत करने पहुंचे। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह नीरज कुमार को बधाई देंगे, तो उन्होंने कहा, ‘हम काहे बधाई देंगे।’ मीडियाकर्मियों ने जब उनसे पूछा कि नीरज कुमार की जीत पर वह क्या कहेंगे, तो अनंत सिंह ने जवाब दिया, ‘क्या कहेंगे, वो जीत गए, हम हार गए। इसमें कहना क्या है।’

 

इसके बाद उनसे फिर पूछा गया कि क्या वह नीरज कुमार को बधाई देंगे। इस पर अनंत सिंह ने कहा, ‘हम क्यों बधाई देंगे। फोन आएगा तो वह बाद की बात है।’

 

 

यह भी पढ़ें: CJP के सौरव दास से कनेक्शन पर क्या बोले सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज संजय किशन कौल?

‘जनता मालिक है’

चुनाव प्रचार के दौरान अपनी जीत का दावा करने वाले अनंत सिंह नतीजे आने के बाद जनता और पार्टी को मालिक बताने लगे। उन्होंने कहा, ‘जनता मालिक और भगवान है। जिसको दिया, वह जीत गया, जिसको नहीं दिया, वह हार गया। पार्टी मालिक है, जो करेगी पार्टी ही करेगी। इसमें हमारा कौन-सा योगदान है, जो कहें कि पार्टी हमारा है।’

यह भी पढ़ें: पंजाब: थार और बाइक की मांग को लेकर पत्नी की पिटाई, CCTV फुटेज वायरल

नीरज कुमार ने किया पलटवार

जहां अनंत सिंह चुनाव में हार के बाद निराश नजर आए, वहीं नीरज कुमार ने उन पर तंज कसा। नीरज कुमार ने कहा, ‘जाने दीजिए, जैसी करनी वैसी भरनी। नीतीश कुमार जी ने सबका राजनीतिक तौर पर तबीयत खराब कर दिया है।’

बता दें कि नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच सियासी टकराव साल 2015 के विधानसभा चुनाव से चला आ रहा है। उस चुनाव में जेडीयू के टिकट पर मैदान में उतरे नीरज कुमार को निर्दलीय उम्मीदवार अनंत सिंह ने हरा दिया था।