चढ़ावा चोरी के बाद अब अयोध्या के राम मंदिर में पैसे लेकर VIP दर्शन कराने और फर्जी प्रोटोकॉल के नाम पर वसूली का मामला सामने आया है। इसमें दलालों, पुलिसकर्मियों और मंदिर से जुड़े कुछ लोगों की मिलीभगत उजागर हुई है। ये लोग अलग- अलग तरीकों से पैसे लेकर VIP दर्शन कराने का पूरा गिरोह चला रहे हैं। इतना ही नहीं, पैसा लेकर ये लोग मंदिर के उस हिस्से में फोटो और रील भी बनवाते हैं, जहां इसपर प्रतिबंध है।

 

अयोध्या के SSP डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि राम मंदिर में सामान्य और सुगम दर्शन पूरी तरह निशुल्क हैं। अयोध्या के कुछ साधु-संतों या विशिष्ट लोगों के लिए पास जारी कर सुगम/VIP दर्शन कराया जाता है। इसमें पुलिस की कोई भूमिका नहीं होती है। 

 

यह भी पढ़ें: मेरठ: किसान नेता दिग्विजय भाटी की पिटाई पर SSP का एक्शन, 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

दरोगा साहेब ले जाएंगे दर्शन कराने

दैनिक भास्कर का स्टिंग ऑपरेशन में इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, अयोध्या में राम मंदिर के बाहर VIP दर्शन कराने के नाम पर पैसे वसूलने वाला एक गिरोह सक्रिय है, जिसमें दलाल शुभम दुबे भी शामिल है। शुभम का कहना है कि वह दर्शन के लिए मजिस्ट्रेट के दफ्तर से प्रोटोकॉल जारी करवा देगा, खुद दरोगा साथ जाकर दर्शन कराएंगे। 

 

इसके लिए वह भक्तों से 7300 रुपए वसूलता है, जबकि हकीकत में राममंदिर में दर्शन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता। इस स्टिंग ऑपरेशन में अयोध्या के राममंदिर में पैसा लेकर दर्शन कराने के 3 तरीके सामने आए हैं। 

पैसा लेकर दर्शन कराने के 3 तरीके

पहला तरीका मंत्री-अफसर के नाम पर VVIP प्रोटोकॉल दिखाकर, जिसमें VIP गेट पर तैनात कुछ पुलिसकर्मी और कर्मचारी भी दलालों से मिले होते हैं। 

दूसरा तरीका महंत पुजारियों के जरिए, जो पैसा लेकर खुद साथ जाकर दर्शन करा देते हैं और होटल वाले भी इन्हें ग्राहक भेजते हैं।

तीसरा तरीका बुकिंग फुल होने के बावजूद पैसे लेकर एंट्री पास बनवाकर, जिसमें मंदिर के कर्मचारी भी शामिल रहते हैं। 

 

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी का कार्यक्रम बना जंग का मैदान? पुणे कैंपस में NSUI-ABVP समर्थक भिड़े

अयोध्या के SSP डॉ. गौरव ग्रोवर ने क्या कहा?

इस मामले में अयोध्या के SSP डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि राममंदिर में सामान्य और सुगम दर्शन पूरी तरह निशुल्क हैं। उनके मुताबिक, अयोध्या के कुछ साधु-संतों या विशिष्ट लोगों के लिए बाकायदा पास जारी कर सुगम/VIP दर्शन कराया जाता है। इसमें पुलिस की कोई भूमिका नहीं होती। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई पुलिसकर्मी या बाहरी दलाल श्रद्धालुओं से पैसे लेकर दर्शन कराता पाया गया, तो उसकी जांच कराकर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।