उत्तर प्रदेश के जिला बाराबंकी में शनिवार सुबह किसान पथ पर ऐसा भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर दिया। माती कोतवाली क्षेत्र में स्क्रैप (कबाड़) से लदा तेज रफ्तार ट्रक आगे चल रहे दूसरे ट्रक में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्क्रैप लदे ट्रक के केबिन में आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर फंसे चालक और क्लीनर को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। दोनों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। करीब दो घंटे बाद आग बुझी तो केबिन के अंदर से बुरी तरह जले हुए मानव अवशेष मिले। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे माती इलाके में किसान पथ पर अनाज की बोरियों से लदा एक ट्रक खराबी के चलते सड़क किनारे खड़ा था। ट्रक की मरम्मत का काम चल रहा था। सुरक्षा के लिए पीछे रेडियम संकेतक भी लगाया गया था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा स्क्रैप से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्क्रैप लदे ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
केबिन में फंसे चालक और क्लीनर
दोनों ट्रकों की भिड़ंत के बाद स्क्रैप लदे ट्रक के केबिन में अचानक आग भड़क उठी। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। चालक और क्लीनर केबिन में ही फंस गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दोनों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते पूरा केबिन आग का गोला बन गया। ट्रक में भरा स्क्रैप भी आग की चपेट में आ गया और सड़क पर बिखर गया।
यह भी पढ़ें: रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भीषण भिड़ंत, टीचर, मां-बेटे समेत 4 की मौत
दो घंटे तक धधकता रहा ट्रक, कंकाल जैसे मिले अवशेष
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि उसे पूरी तरह काबू करने में करीब दो घंटे लग गए। केबिन की आग बुझने के बाद ट्रक में भरा स्क्रैप भी गर्म होकर सुलगता रहा। दमकलकर्मियों ने उसे ठंडा किया, इसके बाद केबिन की तलाशी ली गई। अंदर से बुरी तरह जले हुए मानव अवशेष बरामद हुए। हादसे में चालक और क्लीनर की मौत की पुष्टि हुई है।
ट्रक नंबर से मालिक और मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
घटनास्थल से पुलिस को स्क्रैप लदे ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर PB11 CX 6901 मिला है। इसी नंबर के आधार पर ट्रक मालिक और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। आग में शव बुरी तरह जल जाने के कारण मृतकों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। फिलहाल पुलिस उनकी शिनाख्त कराने में जुटी है। मृतकों के नाम अभी आधिकारिक तौर पर उजागर नहीं किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: इटावा: जमीन की पैमाइश के लिए मांगी रिश्वत, 30 हजार लेते कानूनगो गिरफ्तार
सीओ सिटी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
हादसे की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी आफताब आलम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसे के वक्त ट्रक के केबिन में चालक और क्लीनर के अलावा कोई तीसरा व्यक्ति तो मौजूद नहीं था।
दोनों ट्रकों की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। किसान पथ पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर खड़े खराब वाहनों के आसपास सुरक्षा इंतजामों और तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले खतरों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
