बेंगलुरु में एक महंगे रूफटॉप लाउंज के किचन में सड़ा हुआ और खराब खाना मिलने की वजह से रसोई को सील कर दिया गया। सड़े खाने की फोटो और वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा। यह पूरी कार्रवाई रूफटॉप लाउंज के किचन को लेकर मिली शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने किया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से की गई जांच के दौरान सड़ा हुआ और फफूंद लगा मांस और गोवंश का मांस भी बरामद कर जब्त किया गया है। विभाग की ओर से रविवार को यूबी सिटी और ब्रिगेड रोड स्थित छह महंगे रेस्टोरेंट की जांच की गई थी।
यह भी पढ़ें: पत्नी के आशिक ने पति को कुल्हाड़ी के 17 वार से काट डाला, अस्पताल में मौत
चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य कारोबार का लाइसेंस और पंजीकरण) नियम, 2011 के प्रावधानों के पालन की जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
10 दिन पहले एक्सपायर हो चुका दूध-दही
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान यहां यूबी सिटी स्थित एक महंगे रूफटॉप लाउंज में 10 दिन पहले एक्सपायर हो चुके दूध और दही भी मिले। खराब तरीके से रसोई चलाए जाने के कारण लाउंज की रसोई को बंद कर दिया गया है।
सड़ा हुआ चिकन/गोवंश का मांस
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अनुसार, यूबी सिटी स्थित एक अन्य महंगे रेस्टोरेंट की जांच के दौरान 45 किलोग्राम सड़ा हुआ चिकन/बीफ का मांस, छह किलोग्राम वेजिटेबल कटलेट और 15 लीटर इस्तेमाल किया हुआ खाना पकाने का तेल मिला। जांच में इन खाद्य पदार्थों को खाने योग्य नहीं पाया गया, जिसके बाद नियमों के अनुसार इन्हें नष्ट कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: JPSC: 3 सदस्यों का इस्तीफा, सरकार परीक्षा रद्द करने को तैयार, आंदोलन खत्म होगा?
50 किलोग्राम बत्तख का मांस
अधिकारियों ने बताया कि अन्य महंगे रेस्टोरेंट से जब्त की गई चीजों में 50 किलोग्राम बत्तख का मांस, पांच किलोग्राम मछली, पांच किलोग्राम हरी मटर और पांच किलोग्राम मशरूम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन रेस्टोरेंट की जांच के दौरान कुल 132 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त कर नियमों के अनुसार नष्ट कर दी गई।
