कर्नाटक की राजधानी बेंगलरु में 27 वर्षीय युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि जांच में सामने आया है कि युवती अपनी शादी को लेकर एक ज्योतिषी की भविष्यवाणी से मानसिक रूप से परेशान थी। मामले में अप्राकृतिक मृत्यु की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतका की पहचान विद्याज्योति के रूप में हुई है। लड़की का दूसरी जाति के एक युवक के साथ प्रेम संबंध था।
परिवार के लोग शादी के लिए सहमत हो चुके थे। हाल ही में युवती के माता-पिता ने एक ज्योतिषी से परेशानी पर बात की थी। ज्योतिषी ने भविष्यवाणी की थी कि शादी के दो साल बाद दंपति के बीच गलतफहमियां हो सकती हैं, जिससे वो शायद अलग हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: जमीन के चक्कर में मां-बाप को कुल्हाड़ी से काट डाला, आरोपी गिरफ्तार
नौवें दिन युवती ने की आत्महत्या
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, ज्योतिषी ने युवती को नौ दिन का एक धार्मिक अनुष्ठान करने की सलाह दी थी, जिसे परिवार ने पूरा किया। अनुष्ठान के नौवें दिन विद्याज्योति अपने कमरे में गई और छत के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसके माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे।
यह भी पढ़ें: चचेरा ससुर करता था छेड़खानी, शिकायत करने थाने गई तो पुलिस ने पति को मारा थप्पड़
दरवाजा तोड़ा तो मिला शव
परिजनों ने घर पहुंचकर जब दरवाजा खटखटाया तो अंदर से उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसपर युवती के पिता ने दरवाजा तोड़ा, उन्होंने अंदर विद्याज्योति को फंदे से लटका पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बगलागुंटे पुलिस ने यूडीआर दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
