उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना में पुलिस पर सवाल उठे हैं। एक महिला ने आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद उस पर समझौते का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर उसके पति को थाने के भीतर थप्पड़ मारा गया। महिला का यह भी दावा है कि उससे जबरन सुलहनामे पर अंगूठा लगवाया गया। पीड़िता के अनुसार, उसका चचेरा ससुर उस पर बुरी नजर रखता है और रास्ता रोककर अश्लील टिप्पणियां करता है।
इसी संबंध में उसने थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय पुलिसकर्मियों ने दंपती को समझौते के लिए कहा। जब उन्होंने इनकार किया तो एक पुलिसकर्मी ने उसके पति को थप्पड़ मार दिया।
यह भी पढ़ें: एक्स मुस्लिम पर हमला किया, UP पुलिस के एनकाउंटर में ढेर हुआ आरोपी
पुलिस पर दबाव के आरोप
महिला का कहना है कि बाद में उनसे जबरन सुलहनामे पर अंगूठा लगवाया गया। यह कहकर घर भेज दिया गया कि आरोपी का चालान काटने के बाद इकौना भेज दिया गया है। हालांकि, घर लौटने पर आरोपी ने जश्न मनाया और तंज कसा कि हम तो थाने बारात लेकर गए थे। घटना के बाद महिला ने खुद को सामाजिक रूप से अपमानित और असुरक्षित बताया है।
यह भी पढ़ें: बिहार: मां की गोद से मासूम को छीना, 100 मीटर दूर फेंककर भागे बदमाश
इकौना सीओ भरत पासवान को सौंपी जांच
एसपी राहुल भाटी ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी इकौना भरत पासवान को सौंपी गई है। एसपी ने कहा है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।